गेहूं की सरकारी खरीद संशोधित लक्ष्य से भी ऊपर पहुंची

02-Jun-2026 10:26 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की सरकारी खरीद 31 मई 2026 तक बढ़कर 349.92 लाख टन पर पहुंच गई जो संशोधित खरीद लक्ष्य 346 लाख टन से करीब 4 लाख टन, पिछले सीजन की समान अवधि की खरीद 298.20 लाख टन से 51.72 लाख टन तथा गत रबी मार्केटिंग सीजन की कुल खरीद 300.35 लाख टन से 49.57 लाख टन अधिक है। गेहूं की वास्तविक खरीद संशोधित लक्ष्य से 1 प्रतिशत आगे निकल चुकी है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले रबी मार्केटिंग सीजन की तुलना में इस बार गेहूं की सरकारी खरीद पंजाब में 119.24 लाख टन से सुधरकर 121.63 लाख टन, हरियाणा में 70.83 लाख टन से बढ़कर 81.21 लाख टन, मध्य प्रदेश में 77.75 लाख टन से उछलकर 104.37 लाख टन पर पहुंच गयी।

इसी तरह उत्तर प्रदेश में 10.25 लाख टन के मुकाबले 17.21 लाख टन तथा राजस्थान में 19.80 लाख टन की तुलना में 24.32 लाख टन गेहूं खरीदा गया। इसके अलावा बिहार में 36 हजार टन, उत्तराखंड में 9 हजार टन, चंडीगढ़ में 10 हजार टन, गुजरात में 59 हजार टन तथा हिमाचल प्रदेश में 4 हजार टन गेहूं खरीदा गया। 

पंजाब-हरियाणा में गेहूं की सरकारी खरीद बंद हो चुकी है जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में अभी जारी है। पंजाब में गेहूं की खरीद नियत लक्ष्य के लगभग बराबर हुई जबकि हरियाणा में 13 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 4 प्रतिशत एवं राजस्थान में 3 प्रतिशत अधिक हो चुकी है।

अन्य प्रांतों में लक्ष्य से कम गेहूं खरीदा गया है मगर हिमाचल प्रदेश इसका अपवाद है। वहां 3 हजार के नियत लक्ष्य की तुलना में 4 हजार टन गेहूं की खरीद हुई। केन्द्र सरकार को गेहूं खरीद का नया लक्ष्य नियत करना पड़ सकता है।