News Capsule/न्यूज कैप्सूल: भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम चरण में, कृषि और औद्योगिक उत्पादों पर शुल्क राहत की उम्मीद
02-Jun-2026 09:45 AM
News Capsule/न्यूज कैप्सूल: भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम चरण में, कृषि और औद्योगिक उत्पादों पर शुल्क राहत की उम्मीद
★ दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल औपचारिक मंजूरी बाकी है। इसी उद्देश्य से दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी 1 जून से नई दिल्ली में चार दिनों तक बैठक कर समझौते को अंतिम रूप देने पर चर्चा करेंगे।
★ इस बैठक में अंतरिम व्यापार समझौते के साथ-साथ व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में भी प्रगति पर विचार किया जाएगा। भारत और अमेरिका ने 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान में व्यापारिक बाधाओं को चरणबद्ध तरीके से कम करने और शुल्कों में राहत देने की रूपरेखा पर सहमति व्यक्त की थी।
★ समझौते के तहत भारत ने कई अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क घटाने अथवा समाप्त करने का प्रस्ताव दिया है। इनमें डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स (DDGs), रेड सोरघम (पशु आहार), ट्री नट्स, ताजे एवं प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट्स प्रमुख रूप से शामिल हैं।
★ वहीं अमेरिका ने भी भारत से आयात होने वाले उत्पादों पर लगाए गए उच्च शुल्कों में कटौती का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार, कई भारतीय उत्पादों पर लागू 50 प्रतिशत तक के शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।
★ इसके अलावा रूस से तेल आयात के मुद्दे को लेकर भारतीय उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क को समाप्त करने तथा कुल शुल्क दर को 18 प्रतिशत तक सीमित करने पर भी चर्चा चल रही है।
★ यदि यह समझौता अंतिम रूप लेता है, तो दोनों देशों के बीच व्यापार को नई गति मिलेगी। साथ ही कृषि, खाद्य तेल, पशु आहार और औद्योगिक उत्पादों के व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।
★ भारतीय कृषि बाजार विशेष रूप से सोयाबीन तेल और पशु आहार क्षेत्र पर इसके संभावित प्रभावों पर नजर बनाए हुए हैं।
