मक्का के वैश्विक उत्पादन अनुमान में एक करोड़ टन की वृद्धि
27-Jun-2026 12:52 PM
लंदन। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने अर्जेन्टीना तथा भारत में आगामी पैदावार के बेहतर परिदृश्य को देखते हुए 2026-27 सीजन के लिए मक्का के वैश्विक उत्पादन का अनुमान एक करोड़ (100 लाख) टन बढ़ाकर अब 1.31 अरब टन निर्धारित किया है लेकिन फिर भी यह आंकड़ा 2025-26 सीजन के अनुमानित उत्पादन 1.339 अरब टन से कम है।
2026-27 सीजन के लिए अर्जेन्टीना में पहले 590 लाख टन मक्का के उत्पादन का अनुमान लगाया गया था जिसे अब 40 लाख टन बढ़ाकर 630 लाख टन नियत किया गया है। 2025-26 के सीजन में वहां 700 लाख टन मक्का का उत्पादन आंका गया है।
इसी तरह भारत में मक्का का उत्पादन अनुमान 468 लाख टन से बढ़ाकर 520 लाख टन निर्धारित किया गया है लेकिन फिर भी यह 2025-26 के अनुमानित उत्पादन 551 लाख टन से 31 लाख टन कम है। कौंसिल का कहना है कि विश्व स्तर पर इस बार मौसम की अनिश्चितता का खतरा बना हुआ है इसलिए मक्का के साथ-साथ गेहूं चावल तथा सोयाबीन जैसे प्रमुख कृषि उत्पादों के उत्पादन अनुमान में बदलाव हो सकता है।
