साप्ताहिक समीक्षा- सरसों

27-Jun-2026 08:02 PM

क्रशिंग इकाइयों की लिवाली से सरसों का भाव मजबूत 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की थोक मंडियों में सरसों की आवक घटने लगी है जबकि तेल मिलर्स एवं व्यापारी इसकी खरीद में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसके फलस्वरूप 20-26 जून वाले सप्ताह के दौरान इस महत्वपूर्ण तिलहन के दाम में थोड़ा-बहुत सुधार देखा गया।
42% कंडीशन सरसों  
हालांकि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का दाम दिल्ली में 50 रूपए गिरकर 7600 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया और जयपुर 7900 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर बना रहा लेकिन सामान्य औसत कलिटी वाली सरसों के दाम में कुछ तेजी देखी गई। 
सरसों  
इसके तहत सरसों का भाव मध्य प्रदेश में पोरसा में 525 रुपए उछलकर 7725 रुपए प्रति क्विंटल तथा ग्वालियर में 150 रुपए बढ़कर 7400/7500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
एमपी / यूपी 
मुरैना में भी 75 रुपए की तेजी रही। हरियाणा की मंडियों में मिश्रित रुख देखा गया सरसों का भाव उत्तर प्रदेश के हापुड़ में 50 रुपए तथा आगरा में 125 रुपए प्रति क्विंटल सुधर गया। 
राजस्थान 
सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान की मंडियों में आमतौर पर सरसों की कीमतों में सुधार आया लेकिन कोटा में 300 रुपए घटकर 7200/7500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। भरतपुर में सरसों का भाव 115 रुपए की वृद्धि के साथ 7490 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा।
आवक 
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 20 जून को 4.50 लाख बोरी, 22 जून को 5.25 लाख बोरी, 23 एवं 24 जून को 5-5 लाख बोरी, 25 जून को 4.50 लाख बोरी तथा 26 जून को 3.50 लाख बोरी सरसों की आवक हुई जबकि सरसों की प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है। देश की लगभग सभी मंडियों में सरसों का भाव 7000 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास  या उससे ऊपर चल रहा है। 
सरसों तेल 
सरसों तेल एक्सपेलर एवं कच्ची घानी की कीमतों में मिश्रित रुख देखा गया। दिल्ली में एक्सपेलर का दाम 1550 रुपए प्रति 10 किलो पर स्थिर रहा और चरखी दादरी में भी 1560 रुपए प्रति 10 किलो के मूल्य स्तर में कोई बदलाव नहीं आया। 
कच्ची घानी / एक्सपेलर  
जयपुर में कच्ची घानी तेल में 5 रुपए तथा एक्सपेलर तेल में 15 रुपए प्रति 10 किलो की नरमी रही। सीमित कारोबार के साथ सरसों खल एवं डीओसी के दाम में कुछ उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।