मूंगफली आयात में गतिरोध दूर करने हेतु इंडोनेशिया का दल आएगा भारत

23-Oct-2025 07:35 PM

चेन्नई। इंडोनेशिया में पिछले कुछ सप्ताहों से भारतीय मूंगफली का आयात नहीं हो रहा है क्योंकि सरकार ने इसे स्थगित रखने की घोषणा की थी। अब उस गतिरोध को दूर करने के लिए इंडोनेशिया का एक दल चालू माह के अंत तक भारत के दौरे पर आने वाला है।

इंडोनेशिया परम्परागत रूप से भारतीय मूंगफली का एक महत्वपूर्ण खरीदार रहा है इसलिए वहां आयात बंद होने से भारत के उत्पादकों एवं निर्यातकों को कठिनाई हो रही है। 

उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया सरकार ने 27 अगस्त को एक अधिसूचना जारी करने के बाद 3 दिसम्बर से भारत से मूंगफली का आयात स्थगित रखने की घोषणा की थी। समझा जाता है कि भारत से आयातित मूंगफली में एफ्लाटॉक्सिन की उपस्थिति की खबर आने के बाद सरकार ने इसके आयात को स्थगित रखने का निर्णय लिया था। 

केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के चेयरमैन का कहना है कि भारत ने इस सम्बन्ध में जब सम्पर्क करके कारण जानने का प्रयास किया तब इंडोनेशिया ने इस पर सकारात्मक रूख दिखाया और अब वह अपना एक दल भारत भेज रहा है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार यदि इंडोनेशिया का दल भारत में उत्पादकों एवं निर्यातकों द्वारा अपनाई जाने वाली विधियों एवं प्रक्रियाओं से संतुष्ट हो जाता है तो इंडोनेशिया भारतीय मूंगफली का आयात शुरू कर सकता है।

इंडोनेशियाई दल भारत में उन सुविधाओं का निरीक्षण किए जाने की संभावना है जहां से मूंगफली के निर्यात का संचालन किया जाता है। एफ्लाटॉक्सिन को एक जहरीला यौगिक माना जाता है जो फंगस जैसा होता है

और मूंगफली सहित कई खाद्य उत्पादों पर उत्पन्न हो जाता है। इससे संक्रमित खाद्य उत्पादों का सेवन करने से मनुष्य एवं पशुओं के स्वास्थ्य को खतरा हो सकता है। निर्माताओं का कहना है कि यह मामला ज्यादा पेचीदा नहीं था लेकिन इसे सुलझाने में अनावश्यक देर की जा रही है।