Home News

कनाडा में मसूर का उत्पादन 26.6 प्रतिशत घटने का अनुमान

24-Oct-2026 12:32 PM

कनाडा में मसूर का उत्पादन 26.6 प्रतिशत घटने का अनुमान

ओटावा। क्षेत्रफल में कमी एवं उपज दर में संभावित गिरावट को देखते हुए कनाडा के कृषि मंत्रालय ने मसूर का घरेलू उत्पादन पिछले साल के 33.63 लाख टन से 26.6 प्रतिशत घटकर चालू वर्ष में 24.67 लाख टन रह जाने का अनुमान लगाया है।

मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार कनाडा में मसूर का बिजाई क्षेत्र 17.72 लाख हेक्टेयर से घटकर 15.79 लाख हेक्टेयर तथा वास्तविक कटाई क्षेत्र 17.43 लाख हेक्टेयर से गिरकर 15.56 लाख हेक्टेयर रह गया।

इसी तरह मौसम की हालत अनुकूल नहीं होने से मसूर की औसत उपज दर भी 1.93 टन प्रति हेक्टेयर से घटकर 1.59 टन प्रति हेक्टेयर रह जाने की संभावना है। फसल की कटाई लगभग समाप्त हो चुकी है। 

कनाडा में 2025-26 सीजन के दौरान विदेशों से करीब 50 हजार टन मसूर का आयात हुआ था जो 2026-27 के सीजन में 50 प्रतिशत बढ़कर 75 हजार टन पर पहुंच सकता है।

बकाया स्टॉक, उत्पादन एवं आयात के साथ कनाडा में मसूर की कुल उपलब्धता 38.25 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है जबकि कनाडा से 24 लाख टन मसूर के निर्यात का अनुमान लगाया जा रहा है। सीजन के अंत में वहां 11.45 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच सकता है।