कनाडा एवं अमरीका में काबुली चना फसल की अच्छी प्रगति जारी
23-Jul-2026 03:18 PM
सस्काटून। काबुली चना के साथ-साथ देसी चना का बाजार भी अपेक्षाकृत शांत देखा जा रहा है। कनाडा एवं अमरीका में काबुली चना तथा ऑस्ट्रेलिया में देसी चना की फसल के लिए मौसम काफी हद तक अनुकूल बना हुआ है जिससे उसकी प्रगति में कोई बाधा नहीं पड़ रही है।
लेकिन फसल पर कीड़ों-रोगों के प्रकोप का खतरा बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया में चना का उत्पादन सामान्य स्तर से कम तथा गत वर्ष के मुकाबले बहुत कम होने की संभावना है।
ऑस्ट्रेलिया देसी चना का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। वहां उत्पादन में गिरावट आने तथा भारत की नियमित मांग जारी रहने पर इस महत्वपूर्ण दलहन का वैश्विक बाजार मूल्य कुछ ऊंचा और तेज रह सकता है। इसका थोड़ा-बहुत सकारात्मक असर काबुली चना के दाम पर भी पड़ने के आसार हैं। मैक्सिको में स्थिति काफी हद तक स्थिर बनी हुई है और वहां से काबुली चना का निर्यात नियमित रूप से हो रहा है।
गत सप्ताह उसके कुछ अच्छे सौदे हुए। कनाडा से भी काबुली चना का निर्यात हो रहा है जबकि नई फसल आने वाली है। ऑस्ट्रेलिया में देसी चना का निर्यात योग्य स्टॉक कम बचा है क्योंकि पहले ही विशाल मात्रा में इसका शिपमेंट हो चुका है।
