कच्चे काजू का वैश्विक उत्पादन 63.83 लाख टन होने का अनुमान
18-Mar-2026 04:37 PM
मंगलोर। पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान भारत तथा अफ्रीकी देशों में कच्चे काजू के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है जबकि वियतनाम एवं ब्राजील में उत्पादन घट सकता है।
इंटरनेशनल नट एंड ड्राइड फ्रूट कौंसिल (आईएनसी) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार कच्चे काजू नट (आरसीएन) का वैश्विक उत्पादन 2024-25 सीजन के 53.66 लाख टन से उछलकर 2025-26 के सीजन में 63.83 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।
इसके तहत आरसीएन का उत्पादन कोट डी आइवरी में 12 लाख टन से उछलकर 15 लाख टन, कम्बोडिया में 8 लाख टन से बढ़कर 9.30 लाख टन, भारत में 6.15 लाख टन से बढ़कर 7.25 लाख टन, तंजानिया में 4.25 लाख टन से बढ़कर 5 लाख टन, नाइजीरिया में 2.82 लाख टन से सुधरकर 3.70 लाख टन,
गिनी बिसाऊ में 2.40 लाख टन से सुधरकर 3 लाख टन, बेनिन में 2.50 लाख टन से बढ़कर 3 लाख टन, बुर्किना फासो में 1.45 लाख टन से बढ़कर 2.50 लाख टन, गिनी कोनाक्री में 1.45 लाख टन से सुधरकर 2 लाख टन,
टोगो में 1.05 लाख टन से सुधरकर 1.45 लाख टन, सेनेगल में 45 हजार टन से बढ़कर 70 हजार टन, गाम्बिया में 25 हजार टन से सुधरकर 35 हजार टन तथा माली में 2 हजार टन से सुधरकर 5 हजार टन पर पहुंचने का अनुमान है।
इसके अलावा घाना में 2.75 लाख टन, मोजाम्बिक में 1.40 लाख टन, इंडोनेशिया में 1.10 लाख टन तथा केन्या में 5 हजार टन आरसीएन का उत्पादन होने की संभावना है जो 2024-25 सीजन के बराबर ही है।
दूसरी ओर कच्चे काजू का उत्पादन वियतनाम में 3.40 लाख टन से गिरकर 3.20 लाख टन तथा ब्राजील में 1.60 लाख टन से घटकर 1.36 लाख टन रह जाने का अनुमान है।
