गेहूं की फसल अच्छी हालत में
18-Mar-2026 05:48 PM
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों में हाल की बारिश / बौछार से गेहूं की फसल को फायदा हुआ है और उसकी हालत बेहतर हुई है।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों के अधिकांश इलाकों में मौसम की हालत गेहूं की फसल के लिए काफी हद तक अनुकूल बनी हुई है।
केन्द्र सरकार ने 2025-26 के रबी सीजन में गेहूं का घरेलू उत्पादन बढ़कर 1202.10 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।
भले ही वास्तविक उत्पादन इतना अधिक न हो लेकिन 2024-25 से बेहतर होना निश्चित लगता है। गेहूं के रकबे में 6 लाख हेक्टेयर से अधिक का इजाफा हुआ है और फसल काफी अच्छी स्थिति में है। कुछ राज्यों में नई फसल आने लगी है जबकि अगले महीने से जोरदार आवक होने लगेगी।
