ईरान में भारतीय चाय का बेहतर निर्यात जारी

30-Jul-2025 05:13 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने कहा है कि ईरान-इजरायल विवाद के बावजूद ईरान को भारतीय चाय के निर्यात पर कोई असर नहीं पड़ा और वहां नियमित रूप से इसका शिपमेंट जारी है।

केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री के अनुसार ईरान के आयातक अच्छी मात्रा में भारतीय चाय की खरीद कर रहे हैं और इसमें किसी तरह की बाधा पड़ने की कोई सूचना सरकार को नहीं मिली है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारत से ईरान को वर्ष 2023 में 296.20 लाख डॉलर मूल्य की चाय का निर्यात किया गया था जो वर्ष 2024 में बढ़कर 408.10 लाख डॉलर पर पहुंच गया। 

चालू वर्ष की पहली छमाही में यानी जनवरी-जून 2025 के दौरान ईरान को भारत से 232.10 लाख डॉलर मूल्य की चाय का निर्यात किया गया जो जनवरी-जून 2024 की निर्यात आय 203.80 लाख डॉलर से अधिक रहा और इस तरह निर्यात में 13.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उल्लेखनीय है कि ईरान भारतीय चाय का एक महत्वपूर्ण एवं स्थायी आयातक देश है। 

चाय के अलावा ईरान भारत से बासमती चावल, सोयामील, चीनी एवं मसाला आदि का आयात भी बड़े पैमाने पर करता है। ईरान के साथ भारत के व्यापारिक सम्बन्ध काफी अच्छे हैं और इसमें कहीं कोई अड़चन नहीं है।

भारत में चाय का उत्पादन मुख्यत: आसाम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग क्षेत्र तथा दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु एवं कर्नाटक में होता है।

भारत में चाय का उत्पादन घरेलू मांग एवं जरूरत से काफी ज्यादा होता है इसलिए विदेशों में इसका भारी निर्यात किया जाता है। वैश्विक  निर्यात बाजार में भारत को श्रीलंका एवं चीन सहित कुछ अन्य देशों की प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ता है।