गन्ना के उत्पादन क्षेत्र में 86 हजार हेक्टेयर की वृद्धि
14-Jul-2026 10:51 AM
नई दिल्ली। गन्ना की खेती लगभग समाप्त हो चुकी है और सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल की तुलना में इस बार क्षेत्रफल बढ़ा है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में रकबा बढ़ने तथा उत्तर प्रदेश में घटने की सूचना मिल रही है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चालू वर्ष के दौरान देश भर में 10 जुलाई तक गन्ना का सकल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 57.58 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो 10 जुलाई 2025 तक के बिजाई क्षेत्र 56.72 लाख हेक्टेयर से 86 हजार हेक्टेयर या 1.51 प्रतिशत तथा सामान्य औसत क्षेत्रफल 54.20 लाख हेक्टेयर से 3.38 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।
शीर्ष उद्योग संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) द्वारा भी गन्ना के बिजाई क्षेत्र का आंकड़ा जारी किया जाता है जो उपग्रह (सैटेलाइट) से प्राप्त चित्र पर आधारित होता है। दोनों आंकड़ों में कुछ अंतर रहता है।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र एवं कर्नाटक गन्ना के तीन शीर्ष उत्पादक प्रान्त हैं। इसके अलावा गुजरात, तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना में भी इसका उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। राजस्थान एवं उड़ीसा में सीमित क्षेत्रफल में गन्ना की खेती होती है। जुलाई-अगस्त का मौसम एवं मानसून इसके लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण साबित होगा।
