कई राज्यों में धान की रोपाई की गति धीमी
14-Jul-2026 12:01 PM
नई दिल्ली। मानसूनी बारिश की कमी के कारण देश के कई राज्यों में धान की रोपाई की गति धीमी बनी हुई है। इसके फलस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर इसका रकबा घट गया है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि मौजूदा खरीफ सीजन में 10 जुलाई 2026 तक धान का कुल उत्पादन क्षेत्र 114.70 लाख हेक्टेयर पर पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि के रकबा 125.55 लाख हेक्टेयर से 10.85 लाख हेक्टेयर या 8.63 प्रतिशत कम है। इस बार धान का पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 412 लाख हेक्टेयर आंका गया है जिसके 25 प्रतिशत से कुछ अधिक भाग में अभी तक धान की खेती हुई है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून पहले पूर्वी भारत में कमजोर बना हुआ था जिससे बंगाल, बिहार, आसाम, झारखंड एवं उड़ीसा जैसे महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में धान की रोपाई की गति धीमी चल रही थी।
उत्तर प्रदेश में भी रफ्तार संतोषजनक नहीं थी। लेकिन अब इन राज्यों में अच्छी बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं जिससे वहां धान के क्षेत्रफल में सुधार आने के आसार हैं। मानसून की हालत इस आर अनिश्चित एवं अनियमित रहने की संभावना है।
