गन्ना का एफआरपी बढ़ाने से एथनॉल मूल्य की समीक्षा का सुझाव
06-May-2026 08:12 PM
नई दिल्ली। कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) ने केन्द्र सरकार को गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में हुई बढ़ोत्तरी को ध्यान में रखते हुए एथनॉल की कीमतों में भी आनुपातिक रूप से वृद्धि करने का सुझाव दिया है।
ज्ञात हो कि सरकार ने 2026-27 सीजन के लिए गन्ना का एफआरपी 10 रुपए बढ़ाकर 365 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यह वृद्धि भी सीएसीपी की सिफारिश पर की गई थी।
आयोग के अनुसार गन्ना से निर्मित एथनॉल का लागत खर्च स्वभाविक रूप से बढ़ जाएगा। 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में अनाज से निर्मित एथनॉल के बिक्री मूल्य में कुछ वृद्धि हुई थी लेकिन अन्य स्रोतों से उत्पादित एथनॉल का दाम स्थिर रखा गया था। एथनॉल का उत्पादन गन्ना जूस / सीरप, बी-हैवी शीरा तथा सी-हैवी शीरा के अलावा क्षतिग्रस्त अनाज, चावल, मक्का एवं खराब क्वालिटी के आलू आदि से किया जाता है।
गन्ना की पैदावार कम होने से 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में एथनॉल के निर्माण में इसकी सीमित मात्रा के उपयोग की अनुमति दी गई। पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत के मौजूदा स्तर से बढ़ाने की भी आवश्यकता है।
