ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई समाप्त- उत्पादन आंकड़े का इंतजार

06-May-2026 08:10 PM

सोरिसो। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई- तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है और अब इसके सरकारी तथा व्यापारिक उत्पादन अनुमान का इंतजार किया जा रहा है। बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी होने तथा अनुकूल मौसम से उपज दर में सुधार आने से ब्राजील में पहले से ही सोयाबीन के रिकॉर्ड उत्पादन की संभावना व्यक्त की जा रही है और इसका आंकड़ा उछलकर 1790 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा था। 

दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां जनवरी के दूसरे सप्ताह से ही इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो गई थी। देश के उत्तरी एवं मध्यवर्ती भाग में कटाई पहले समाप्त होती है जबकि दक्षिणी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में पिछैती बिजाई के कारण फसल सबसे अंत में काटी जाती है।

मध्यवर्ती भाग में अवस्थित माटो ग्रोसो ब्राजील में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है जबकि मध्य दक्षिणी भाव में स्थित पराना दूसरे एवं सुदूर दक्षिण में स्थित रियो ग्रैंड डो सूल तीसरे नंबर पर रहता है। माटो ग्रोसो एवं पराना में सोयाबीन फसल की कटाई पहले ही समाप्त हो चुकी थी जबकि अब रियो में भी इसकी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अन्य प्रांतों के किसान भी अपनी फसल काट चुके हैं। 

ध्यान देने वाली बात है कि 15 मई से ब्राजील में सोयाबीन मुक्त अवधि लागू होने वाली है जो कमोबेश 14 सितम्बर तक लागू रहेगी। इस अवधि में देश के अंदर सोयाबीन का एक भी जीवित पौधा नहीं छोड़ा जाता है। 15 सितम्बर से वहां नई फसल की बिजाई शुरू हो जाती है। 

रिकॉर्ड उत्पादन होने के कारण इस वर्ष ब्राजील से सोयाबीन का निर्यात भी नए शीर्ष स्तर पर पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं। चीन इसका सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है। ब्राजील में इस वर्ष सोयाबीन की क्रशिंग में भी जोरदार बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है जिससे सोया तेल एवं सोयामील का उत्पादन एवं निर्यात योग्य स्टॉक बढ़ने के आसार हैं।