एक अरब टन से ऊपर पहुंच सकती है गेहूं की वैश्विक उपलब्धता

14-Sep-2026 07:11 PM

शिकागो। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2026-27 के मार्केटिंग सीजन के दौरान गेहूं की दैनिक आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़कर 1.10 अरब टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है जो पिछले माह के अनुमान से 35 लाख टन ज्यादा है। इस आंकड़े में उत्पादन के साथ पिछला बकाया स्टॉक भी शामिल है। उस्डा की नई मासिक रिपोर्ट में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा एवं यूक्रेन जैसे निर्यातक देशों में गेहूं के उत्पादन का अनुमान बढ़ाया गया है। 

उस्डा की रिपोर्ट में गेहूं की वैश्विक खपत का अनुमान भी 5 लाख टन बढ़ाकर 82.68 करोड़ टन निर्धारित किया गया है लेकिन दूसरी ओर इसके वैश्विक कारोबार का अनुमान 9 लाख टन घटाकर 21.18 करोड़ टन नियत किया गया है।

हालांकि उस्डा ने 2026-27 के सीजन में विश्व स्तर पर खाद्य, बीज एवं औद्योगिक उद्देश्य में गेहूं का उपयोग घटने की संभावना व्यक्त की है मगर पशु आहार (सीड) एवं अवशिष्ट उपयोग में इसकी खपत बढ़ने की उम्मीद जताई है। 

गेहूं के वैश्विक व्यापार के अनुमान में कटौती इसलिए की गई है क्योंकि रूस एवं यूक्रेन से काला सागर जल मार्ग के लिए इस खाद्यान्न का शिपमेंट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोनों देश एक-दूसरे के बंदरगाहों एवं व्यापारिक जहाजों पर भीषण बमबारी कर रहे हैं।

कोई नहीं जानता है कि यह संकट कब तक बरकरार रहेगा। उस्डा ने 2026-27 सीजन के अंत के लिए गेहूं का वैश्विक बकाया अधिशेष स्टॉक 27.63 करोड़ टन रहने की संभावना व्यक्त की है जो अगस्त में लगाए गए अनुमान से करीब 30 लाख टन ज्यादा है। रूस, ऑस्ट्रेलिया एवं यूक्रेन में इसका ऊंचा स्टॉक रहने की उम्मीद है क्योंकि वहां से इसके निर्यात का प्रदर्शन बेहतर रहने में संदेह है।