बांधों-जलाशयों में 60 प्रतिशत से कम पानी का स्टॉक
27-Feb-2026 11:46 AM
नई दिल्ली। देश के प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्टॉक लगातार घटता जा रहा है क्योंकि एक तो शीतकालीन वर्षा बहुत कम हुई और दूसरे, पानी की नियमित निकासी जारी है। घ्गता जलस्तर गंभीर चिंता का विषय बन सकता है।
केंद्रीय जल आयोग की नई साप्ताहिक रिपोर्ट से पता चलता है कि देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में जलस्तर घटकर इसकी भंडारण क्षमता के 60 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है । इसमें से 28 प्रतिशत से अधिक जलाशयों में तो पानी का स्तर 50 प्रतिशत से भी नीचे है। मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष 1 जनवरी से 25 फरवरी के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन वर्षा सामान्य औसत से 58 प्रतिशत कम हुई है। इससे जलाशयों को पानी का स्टॉक बहुत कम मिल सका इस अवधि के दौरान देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में वर्षा की कमी सबसे ज्यादा 90 प्रतिशत तथा मध्यवर्ती क्षेत्र में 77 प्रतिशत दर्ज हुई।
आयोग की रिपोर्ट के अनुसार इन 166 प्रमुख बांधों की कुल जल भंडारण क्षमता 183.565 बिलियन क्यूसिक मीटर (बीसीएम) की है जबकि फ़िलहाल इसमें 108.338 बीसीएम या 59 प्रतिशत पानी का स्टॉक बचा हुआ है। लेकिन फिर भी यह जलस्तर गत वर्ष की समानअवधि की तुलना में 12 प्रतिशत बिंदु तथा दस वर्षीया औसत के मुकाबले 25 प्रतिशत बिंदु ऊंचा है। देश के सभी पांच संभागों में जलस्तर घटकर 70 प्रतिशत से नीचे आ गया है। केवल 3 जलाशयों में पानी का पर्याप्त भण्डार मौजूद है जबकि गत सप्ताह इसकी संख्या 4 थी।
