ओ एम एस एस में कुल आवंटन के सापेक्ष महज 21 प्रतिशत गेहूं मिलने की संभावना
27-Feb-2026 01:23 PM
नई दिल्ली। खुले बाजार बिक्री योजना (ओ एम एस एस) के माध्यम से भारतीय खाद्य निगम को 2025-26 के मौजूदा वित्त वर्ष की पूरी अवधि में 30 लाख टन गेहूं की बिक्री का कोटा आवंटित किया गया है लेकिन बिक्री की अब तक की चीनी रफ्तार को देखते हुए लगता है कि इस आवंटित कोटे ने 20-25 प्रतिशत भाग का ही उठाव सम्भव हो सकेगा।
दरअसल घरेलू मंडियों में प्रतिस्पर्धी मूल्य पर गेहूं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहने से सरकारी खाद्यान्न की खरीद में मिलर्स / प्रोसेसर्स बहुत कम दिलचस्पी दिखाते रहे है। खाद्य निगम द्वारा ओ एम एस एस के तहत अब तक आठ बार ई -नीलामी आयोजित की जा चुकी है। इसमें कुल मिलाकर करीब 6.34 लाख टन गेहूं की बिक्री हुई जो कुल आवंटित मात्रा 30 लाख टन का महज 21 प्रतिशत है। अब शायद नीलामी प्रक्रिया को बंद करने पर विचार किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो गेहूं की बिक्री का सही अंतिम आंकड़ा माना जा सकता है।
गेहूं की बिक्री की दृष्टिकोण से 2025-26 का वित्त वर्ष सबसे कमजोर माना जा सकता है। अंतिम चरण की नीलामी में तो ऑफर के सापेक्ष महज 40-50 प्रतिशत गेहूं की बिक्री हो सकी। निगम को प्रतीत हो रहा है कि उसके गेहूं की खरीद में मिलर्स कोई खास उत्साह नहीं दिखा रहे है इसलिए ओ एम एस एस को बंद करना ही बेहतर होगा।
