वित्त वर्ष 2025-26 में 166.51 लाख टन खाद्य तेल का आयात
19-May-2026 08:23 PM
नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2025-26 की सम्पूर्ण अवधि (अप्रैल-मार्च) के दौरान भारत में खाद्य तेलों का आयात बढ़कर 166.51 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जो 2024-25 वित्त वर्ष के कुल आयात 161.82 लाख टन से 4.69 लाख टन अधिक था। 2024-25 के मुकाबले वित्त वर्ष 2025-26 के कुछ महीनों में खाद्य तेलों का आयात कम हुआ जबकि शेष महीनों में इसकी मात्रा अधिक रही। ऊंचे वैश्विक भाव के बावजूद आयात में वृद्धि हुई।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 2024-25 की तुलना में 2025-26 के दौरान खाद्य तेलों का आयात अप्रैल में 13.04 लाख टन से घटकर 9.46 लाख टन, मई में 14.98 लाख टन से गिरकर 12.55 लाख टन, जुलाई में 18.41 लाख टन से लुढ़ककर 16.17 लाख टन, अक्टूबर में 14.45 लाख टन से गिरकर 13.28 लाख टन तथा नवम्बर में 16.23 लाख टन से घटकर 12.05 लाख टन पर सिमट गया।
दूसरी ओर खाद्य तेलों का आयात जून में 15.28 लाख टन से सुधरकर 15.98 लाख टन, अगस्त में 15.39 लाख टन से बढ़कर 16.79 लाख टन, सितम्बर में 10.71 लाख टन से उछलकर 16.59 लाख टन, दिसम्बर में 12.42 लाख टन से बढ़कर 14.10 लाख टन,
जनवरी (2026) में 10.82 लाख टन से बढ़कर 13.73 लाख टन, फरवरी में 9.64 लाख टन से उछलकर 13.47 लाख टन तथा मार्च 2026 में 10.45 लाख टन से बढ़कर 12.36 लाख टन पर पहुंच गया। भारत में खाद्य तेलों का आयात मुख्यतः इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, अर्जेन्टीना, ब्राजील रूस तथा यूक्रेन जैसे देशों से किया गया है।
