घटने लगी ईसबगोल की आवक : भाव मजबूत
19-May-2026 07:41 PM
नई दिल्ली। चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान एवं गुजरात में बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के कारण दूसरे वर्ष भी देश में ईसबगोल का उत्पादन कम माना जा रहा है। पैदावार में कमी आने के कारण मंडियों में ईसबगोल की आवक घटनी शुरू हो गई है।
उल्लेखनीय है कि देश में कुल उत्पादित ईसबगोल में राजस्थान की हिस्सेदारी 70/75 प्रतिशत एवं गुजरात की 20/25 प्रतिशत की रहती है। हालांकि राजस्थान में पैदावार अधिक होती है लेकिन प्रोसेसिंग यूनिट गुजरात में अधिक होने के कारण निर्यात एवं लोकल व्यापार गुजरात से अधिक होता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चालू सीजन के लिए गुजरात में ईसबगोल की बिजाई 17284 हेक्टेयर पर हुई थी जबकि गत वर्ष बिजाई का क्षेत्रफल 27488 हेक्टेयर का रहा था। इसके अलावा राजस्थान के नागौर, नौखा, मेडता, लाइन पर भी बिजाई गत वर्ष की तुलना में 50/55 प्रतिशत की रही थी।
उत्पादन
बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के अलावा मार्च माह में हुई बेमौसमी बारिश में भी राजस्थान में फसल को नुकसान हुआ। जिस कारण से चालू वर्ष के दौरान देश में ईसबगोल का उत्पादन 20/22 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी 70/75 किलो) होने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 28/30 लाख बोरी एवं वर्ष 2024 में 38/40 लाख बोरी का उत्पादन माना गया था।
आवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पादकों को भाव कम मिलने एवं उत्पादन भी घटने के कारण मंडियों में ईसबगोल की आवक घटनी शुरू हो गई है। गुजरात की प्रमुख मंडी ऊंझा में आवक घटकर 8/9 हजार बोरी की रह गई है जबकि राजस्थान की मेडता एवं नागौर मंडी में आवक 3/4 हजार बोरी दैनिक की रह गई है।
भाव
वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर ईसबगोल के भाव क्वालिटीनुसार 100/140 रुपए प्रति किलो चल रहे है। वर्तमान कीमतों में अब मंदे की संभावना नहीं है क्योंकि उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर आवक घटनी शुरू हो गई है साथ ही वर्तमान में निर्यात व्यापार कम हो रहा है। लेकिन आगामी दिनों में निर्यात बढ़ने की संभावना है। जिस कारण से आगामी दिनों में ईसबगोल के भाव बढ़ने की संभावना है।
निर्यात
चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम ग्यारह माह में ईसबगोल का निर्यात गत वर्ष की तुलना में कम रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-फरवरी-2026 के दौरान ईसबगोल का निर्यात 54993 टन का हुआ है जबकि गत वर्ष अप्रैल-फरवरी 2025 में निर्यात 58377.40 टन का रहा था।
