नेपाल से भारत में खाद्य तेलों के आयात में दोगुने से ज्यादा की वृद्धि

19-May-2026 08:48 PM

वीरगंज। यद्यपि भारत के उत्तरी पड़ोसी देश- नेपाल में तिलहन-तेल का उत्पादन घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए भी पर्याप्त नहीं होता है लेकिन फिर भी वह भारत को विशाल मात्रा में इसका निर्यात करने में सफल हो जाता है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार भारत में नेपाल से वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान करीब 3.45 लाख टन खाद्य तेलों का आयात हुआ था जो वित्त वर्ष 2025-26 में दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर 7.36 लाख टन पर पहुंच गया। 2024-25 वित्त वर्ष की पहली तिमाही में नेपाल से आयातित खाद्य तेलों का विवरण उपलब्ध नहीं है। 

वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान नेपाल से अप्रैल 2025 में 83,467 टन, मई में 79,855 टन, जून में 66,667 टन, जुलाई में 68,513 टन, अगस्त में 57,207 टन, सितम्बर में 53,910 टन, अक्टूबर में 46 हजार टन, नवम्बर में 53,650 टन,

दिसम्बर में 47,628 टन, जनवरी 2026 में 61,287 टन, फरवरी में 55,052 टन तथा मार्च 2026 में 62,500 टन खाद्य तेल मंगाया गया। नेपाल से भारत में खाद्य तेलों के आयात पर सीमा शुल्क नहीं लगता और इसे मुख्यतः सीमा सड़क मार्ग से मंगाया जाता है।