उत्तर प्रदेश में गेहूं की फसल प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित

27-Mar-2026 05:05 PM

लखनऊ। मार्च के दूसरे-तीसरे सप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश में आंधी-वर्षा का प्रकोप देखा गया जिससे खेतों में खड़े गेहूं की फसल आंशिक रूप से प्रभावित  हो गई।

बिजनौर जिले में फसल पर सबसे ज्यादा असर पड़ा जबकि मथुरा, आगरा एवं हाथरस सहित 23 जिलों में फसल को थोड़ा-बहुत नुकसान होने की आशंका है। 

इसी तरह पंजाब के रूपनगर (रोपड़) जिले में आंधी-वर्षा से गेहूं की फसल को ज्यादा क्षति होने की सूचना मिली है जबकि कुल मिलाकर 14 जिलों में फसल पर थोड़ा-बहुत असर पड़ा है।

जहां तक बिहार का सवाल है तो उसके 10 जिलों में फसल कुछ हद तक प्रभावित हुई है। इसमें भी दो जिले- बेगूसराय एवं सुपौल में कुछ ज्यादा क्षति होने की खबर आ रही है। इसके अलावा मधुबनी, सीतामढ़ी तथा नालंदा जैसे जिलों में भी कहीं-कहीं फसल क्षतिग्रस्त हुई है। 

मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा एवं गुजरात जैसे राज्यों में गेहूं की फसल काफी हद तक सुरक्षित है। राष्ट्रिय स्तर पर रबी सीजन के इस सबसे प्रमुख खाद्यान्न का शानदार उत्पादन हो सकता है बशर्तें अप्रैल और मई में मौसम की हालत अनुकूल रहे।