गेहूं की सरकारी खरीद 4 मार्च से 30 जून तक होगी
27-Mar-2026 06:04 PM
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने कहा है कि वर्तमान रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान केन्द्रीय पूल के लिए किसानों से गेहूं की खरीद आमतौर पर 1 अप्रैल 2026 से आरंभ होगी जबकि कुछ राज्यों में मार्च से ही खरीद की प्रक्रिया आरंभ हो गई।
केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने इस वर्ष पंजाब में 122 लाख टन, मध्य प्रदेश में 78 लाख टन, हरियाणा में 72 लाख टन, राजस्थान में 21 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 10 लाख टन, बिहार में 18 हजार टन, जम्मू कश्मीर में 10 हजार टन, गुजरात में 4 हजार टन, हिमाचल प्रदेश में 3 हजार टन तथा उत्तराखंड में 1 हजार टन के साथ राष्ट्रीय स्तर पर करीब 303 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है।
खाद्य निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गेहूं की सरकारी खरीद की समय सीमा पंजाब तथा हरियाणा में 1 अप्रैल से 15 मई तक, मध्य प्रदेश में 15 मार्च से 30 जून तक, राजस्थान में 10 मार्च से 30 जून, उत्तर प्रदेश में 17 मार्च से 15 जून, बिहार में 1 अप्रैल से 15 जून, जम्मू कश्मीर में 15 अप्रैल से 31 मई,
गुजरात में 4 मार्च से 31 मई, हिमाचल प्रदेश में 1 अप्रैल से 15 जून तथा उत्तराखंड में 1 अप्रैल से 30 जून तक निर्धारित की गई है। मार्च में जिन राज्यों में खरीद शुरू होनी थी वह पहले ही आरंभ हो चुकी है जबकि शेष राज्यों में 1 अप्रैल से इसकी शुरुआत होगी।
