रुपया की विनिमय दर में गिरावट का सिलसिला जारी
27-Mar-2026 07:20 PM
मुम्बई। अमरीकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपया की विनिमय दर नियमित रूप से घटते हुए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचती जा रही है जो आयातकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। आज यानी 27 मार्च 2026 को मध्याह्न के समय 1 अमरीकी डॉलर का मूल्य 94.70 रुपए पर पहुंच गया।
बाजार विश्लेषकों को लगता है कि शीघ्र ही डॉलर 95 रुपए के समतुल्य हो सकता है। पहले एक दिन में रुपए की विनिमय दर में 5 से 20 पैसे तक की गिरावट आती थी मगर अब 50 से 85 पैसे तक की भारी गिरावट देखी जा रही है।
रुपए की जोरदार अवमूल्यन से भारत को चावल, चीनी, मसाले एवं ऑयल मील सहित कई अन्य कृषि तथा खाद्य उत्पादों का निर्यात बढ़ाने का अवसर मिल सकता है
लेकिन दूसरी ओर विदेशों से जिन वस्तुओं का आयात होता है वह स्वाभाविक रूप से महंगा हो जाएगा जिसमें खाद्य तेल एवं दलहन मुख्य रूप से शामिल है। इसका कारण यह है कि वैश्विक करोबार मुख्यतः डॉलर में ही होता है जो तेजी से मजबूत होता जा रहा है।
क्रूड खनिज तेल की कीमतों का स्तर काफी ऊंचा हो गया है और ईरान-अमरीका युद्ध का अंत फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।
हालांकि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपया की विनिमय दर (एक्सचेंज) रेट) को स्थिर रखने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है लेकिन विषम वैश्विक परिस्थितियों के कारण हालात चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं।
