साप्ताहिक समीक्षा- लालमिर्च

27-Mar-2026 07:14 PM

लालमिर्च उत्पादन कम : कीमतों में मजबूती 

नई दिल्ली। चालू सप्ताह के दौरान लालमिर्च के भाव तेजी के साथ बोले गए। उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के दौरान देश में लालमिर्च का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में 30/35 प्रतिशत तक रहने के समाचार मिल रहे हैं। जिस कारण से उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नए मालों की आवक आशानुरूप नहीं बढ़ पा रही है। जबकि भविष्य में अच्छी तेजी आने के अनुमानों के चलते स्टॉकिस्टों की बराबर लिवाली चल रही है। हालांकि चीन की मांग कम है लेकिन बांग्ला देश की मांग बराबर बनी हुई है। जिस कारण से कीमतों में तेजी बनी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्य आंध्र-प्रदेश की गुंटूर मंडी में लालमिर्च तेजा का भाव 192/193 रुपए प्रति किलो पर बोला जाने लगा है जबकि सप्ताह के शुरू में भाव 190 रुपए चल रहा था। गत वर्ष गुंटूर मंडी में इसी समयावधि में लालमिर्च तेजा का भाव 128/130 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा था। 

तेलंगाना की खम्मम मंडी में लालमिर्च तेजा का भाव 190 रुपए बढ़कर 193 रुपए हो गया है जबकि गत वर्ष इसी समयावधि में भाव 134/135 रुपए बोला जा रहा था। इसके अलावा वारंगल में लालमिर्च तेजा के दाम 194 रुपए से मजबूती के साथ 196 रुपए पर बोले गए। दिल्ली बाजार में भी भाव मजबूत रहे। 

मंदा नहीं 

जानकारों का कहना है कि पैदावार में कमी एवं बकाया स्टॉक भी कम रह जाने के करण हाल-फिलहाल लालमिर्च की कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। आगामी दिनों में संभावना व्यक्त की जा रही है कि चीन में मांग में सुधार होगा। साथ ही अप्रैल माह में मंडियों में आवक भी घटनी शुरू हो जाएगी। सूत्रों का मानना है कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि आगामी दिनों में लालमिर्च तेजा का भाव 220/225 रुपए का स्तर छू सकता है।

निर्यात 

मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष 2025-26 के प्रथम दस माह में लालमिर्च का निर्यात मात्रात्मक रूप में 18 प्रतिशत बढ़ा है जबकि आय में 3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जनवरी- 2026 के दौरान लालमिर्च का निर्यात 572757 टन का हुआ। और निर्यात से प्राप्त आय 8150.34 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-ंजनवरी 2025 में निर्यात 484219 टन का हुआ था। और प्राप्त आय 7879.78 करोड़ की रही। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024-25 (मार्च-अप्रैल) के दौरान लालमिर्च का कुल निर्यात 715506 टन का रहा था।