देश के कई भागों में सुस्त पड़ा मानसून- कुछ राज्यों में वर्षा जारी
13-Jul-2026 01:18 PM
नई दिल्ली। चालू माह के प्रथम सप्ताह के दौरान काफी सक्रिय रहने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब कई इलाकों में सुस्त पड़ गया है और वहां बारिश का दौर बंद हो गया है। वैसे देश के कुछ राज्यों में मानसून की सक्रियता अभी जारी है। इससे वहां खरीफ फसलों की बिजाई में मदद मिलेगी।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 2-3 दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल एवं बिहार में भारी से लेकर अत्यन्त भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इसी तरह अगले 4-5 दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान लगाया है।
मानसून की दिशा अब बदल गई है। यह देश के दक्षिण, पश्चिम एवं मध्यवर्ती क्षेत्र से निकलकर पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भाग में पहुंच गया है। कुछ उत्तरी पर्वतीय राज्य भी इसके दायरे में है जिसमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड एवं जम्मू कश्मीर शामिल है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 6-7 दिनों तक मानसून देश के पश्चिमोत्तर मध्य पश्चिमी तथा दक्षिणी राज्यों में निष्क्रिय रह सकता है।
इसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे राज्य सम्मिलित हैं जहां वर्षा नहीं या नगण्य होने की संभावना है। बिहार में मानसून का बादल छाया हुआ है। उत्तराखंड में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी हो चुका है और पश्चिमी बंगाल के कई भागों में वर्षा होने की सूचना मिल रही है।
दिल्ली- एनसीआर एवं उत्तर प्रदेश में बारिश बंद होने से तापमान पुनः ऊंचा हो गया है। अन्य राज्यों में भी वर्षा नहीं हो रही है। इससे वहां खरीफ फसलों की बिजाई पर असर पड़ने की आशंका है। यूरोपीय जलवायु पूर्वानुमान केन्द्र ने पहले ही आगाह किया था कि मध्य जुलाई के आसपास मानसून कमजोर हो जाएगा और कई क्षेत्रों में बारिश की कमी महसूस होगी।
