गन्ना की घटती पैदावार से महाराष्ट्र का चीनी उद्योग चिंतित

13-Jul-2026 11:30 AM

पुणे। देश के सबसे प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य- महाराष्ट्र में गन्ना की पैदावार में अपेक्षित बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है जिससे क्रशिंग इकाइयों को कच्चे माल की आपूर्ति के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ता है।

गन्ना की भारी कमी के कारण 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान महाराष्ट्र में चीनी का उत्पादन घटकर काफी नीचे (80 लाख टन के आसपास) आ गया था। 2025-26 के सीजन में उत्पादन करीब 18-19 लाख टन बढ़ा मगर फिर भी 2023-24 सीजन से बहुत पीछे रह गया। अब 2026-27 के मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के लिए गन्ना एवं चीनी के उत्पादन में अनिश्चितता बनी हुई है। 

चीनी का मिल डिलीवरी भाव ऊंचा रहने से महाराष्ट्र की तमाम इकाइयों ने गन्ना उत्पादकों के लगभग सम्पूर्ण बकाए का निस्तारण कर दिया है जिससे किसानों ने उत्साहित होकर इस बार गन्ना का रकबा बढ़ा दिया। लेकिन मौसम एवं मानसून की अनुकूल स्थिति के प्रति संदेह बना हुआ है।

चालू माह के शुरुआती कुछ दिनों तक राज्यों में सक्रिय रहने के बाद मानसून अब सुस्त पड़ गया है। इससे पहले जून में भी वहां बारिश की भारी कमी देखी गई थी। जुलाई के शेष दिनों एवं अगस्त का मौसम गन्ना की फसल के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे चीनी उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।