मानसून की सक्रियता बढ़ने से बांधों के जलस्तर में वृद्धि

13-Jul-2026 11:11 AM

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लिया। जून में कमजोर रहने के बाद जुलाई में देश के विभिन्न भागों में अच्छी वर्षा होने से 166 प्रमुख बांधों- जलाशयों में कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले पानी का स्टॉक सुधरकर 30 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया। लेकिन 50 प्रतिशत से अधिक जलाशय अब भी आधा खाली हैं। 

केन्द्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर सुधरकर 59.443 बिलियन क्यूबिक मीटर पर पहुंच गया जो कुल भंडारण क्षमता 183.565 बिलियन क्यूबिक मीटर (बीसीएम) का 32.38 प्रतिशत है। एक सप्ताह पूर्व यह जल स्तर घटकर 26 प्रतिशत पर आ गया है।

विगत सप्ताह राष्ट्रीय स्तर पर दीर्घकालीन औसत के सापेक्ष मानसूनी वर्षा की कमी घटकर 14 प्रतिशत पर आ गई थी। हालांकि यह कमी पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत में 38 प्रतिशत, दक्षिणी प्रायद्वीप में 15 प्रतिशत तथा पश्चिमोत्तर क्षेत्र में 9 प्रतिशत दर्ज की गई

लेकिन पश्चिमी एवं मध्यवर्ती भारत में 3 प्रतिशत अधिक हुई। मानसून अभी कई राज्यों में सक्रिय है जिससे खरीफ फसलों की बिजाई में अच्छी सहायता मिल रही है।