दिल्ली के बाद अब राजस्थान में मानसून के पहुंचने की बारी
02-Jul-2026 06:57 PM
तिरुअनन्तपुरम। दक्षिण-पश्चिम मानसून पांच दिन की देरी के साथ आज यानी 2 जुलाई को दिल्ली पहुंच गया। दिल्ली में इसके आने की तिथि 27 जून मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब गुजरात के अधिकांश भागों, उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, मध्य प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों, हरियाणा और पंजाब में पहुंच गया है। राजस्थान के कुछ भागों में भी इसने दस्तक दे दी है।
इसकी उत्तरी सीमा फिलहाल गुजरात में पोरबंदर एवं वल्लभ विद्यानगर, मध्य प्रदेश में नीमच, राजस्थान में टोंक, हरियाणा में भिवानी तथा पंजाब में भटिंडा से होकर गुजर रही है। इन राज्यों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों के दौरान देश के पश्चिमोतर क्षेत्र में दूर-दूर तक अत्यन्त मूसलाधार बारिश होने की उम्मीद है जो भारत में मानसून का अंतिम पड़ाव है। इससे खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार तेज होने के आसार हैं।
महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश के कई इलाकों में पहले से ही जोरदार वर्षा हो रही है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर उड़ीसा तट के पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है जो मानसून की ताकत को बढ़ाएगा।
