जुलाई के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा गत वर्ष के बराबर

02-Jul-2026 05:43 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार मार्च 2026 से ही घरेलू बिक्री के लिए चीनी के मासिक कोटे को वर्ष 2025 की तुलना में नीचे रख रही थी लेकिन जुलाई 2026 के लिए जो कोटा नियत किया गया वह जुलाई 2025 के कोटे के बराबर रहा। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने जुलाई 2026 के लिए 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है। 

जुलाई के इस आवंटन को मिलाकर वर्तमान मार्केटिंग सीजन में अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026 के 10 महीनों में सरकार द्वारा कुल मिलाकर 223 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री को कोटा जारी किया गया जो अक्टूबर 2024 से जुलाई 2025 के दौरान आवंटित कोटा 229.50 लाख टन से करीब 3 प्रतिशत कम है। उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है

कि मौजूदा मार्केटिंग सीजन के शुरुआती 10 महीनों में से 7 माह में चीनी का फ्री सेल कोटा पिछले मार्केटिंग सीजन से कम तथा शेष 3 माह के बराबर रहा। उत्पादन में अपेक्षित बढ़ोत्तरी नहीं होने तथा उद्योग के पास पिछला बकाया स्टॉक सीमित रहने के कारण इस बार सरकार को काफी सोच-समझकर चीनी का कोटा नियत करना पड़ रहा है। 

जुलाई 2025 की तुलना में जुलाई 2026 के दौरान चीनी का मासिक फ्री सेल कोटा उत्तर प्रदेश के लिए 9 प्रतिशत घटाकर 8.23 लाख टन नियत किया गया है जबकि दूसरी ओर महाराष्ट्र के लिए कोटा 8.5 प्रतिशत बढ़ाकर 7.18 लाख टन तथा कर्नाटक के लिए 31 प्रतिशत बढ़ाकर 3.18 लाख टन निर्धारित किया गया है।

देश के अन्य राज्यों के लिए जुलाई में 3.41 लाख टन चीनी का कोटा आवंटित किया गया है जो जुलाई 2025 के नियत कोटे से करीब 12 प्रतिशत कम है। इसमें गुजरात, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश एवं कर्नाटक में संयुक्त रूप से देश की 75-80 प्रतिशत चीनी का उत्पादन होता है। चीनी का थोक एवं खुदरा मूल्य पिछले सीजन से कुछ ऊंचा चल रहा है और यह स्थिति आगे भी बरकरार रह सकती है।