त्यौहारी मांग एवं कम आपूर्ति से चना का भाव मजबूत रहने की उम्मीद

27-Jul-2026 07:30 PM

मुम्बई। एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) के अनुसार निकट भविष्य में चना का घरेलू बाजार भाव मजबूत रहने की संभावना है जबकि तुवर के दाम में स्थिरता या नरमी रह सकती है और उड़द का मूल्य कुछ कमजोर पड़ सकता है। 

एसोसिएशन की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में चना की आपूर्ति कम हो रही है जबकि दाल मिलर्स एवं बेसन निर्माता इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। अगले महीने से त्यौहारी सीजन औपचारिक तौर पर शुरू होने वाला है जिसमें बेसन की अच्छी मांग निकलने की उम्मीद है। 

दूसरी ओर कमजोर मांग, बिजाई क्षेत्र में वृद्धि तथा नियमित रूप से होने वाले आयात के मनोवैज्ञानिक प्रभाव से उड़द की कीमतों में थोड़ी नरमी आने की संभावना है। जहां तक तुवर का सवाल है तो बेशक इसका बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से काफी पीछे चल रहा है लेकिन इसकी मांग मजबूत नहीं है और विदेशों से इसका आयात भी हो रहा है। 

रबी सीजन के सबसे प्रमुख दलहन-चना की आपूर्ति में जटिलता बढ़ती जा रही है जबकि स्टॉकिस्ट भी सीमित मात्रा में अपना माल थोक मंडियों में उतार रहे हैं क्योंकि उन्हें आगामी समय में इसका भाव ऊंचा एवं तेज होने का भरोसा है। आगामी त्यौहारी सीजन की मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए दाल / बेसन मिलर्स, सनैक्स निर्माता, थोक विक्रेता एवं खुदरा व्यापारी चना की खरीद करके इसका स्टॉक बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मध्य अगस्त से त्यौहारी सीजन आरंभ हो जाएगा।

चना की कीमतों में धीमी गति से तेजी आ रही है। सरकारी एजेंसियों का स्टॉक भी बाजार में आ रहा है  जबकि ऑस्ट्रेलिया एवं अफ्रीका से आयातित चना का स्टॉक भारतीय बंदरगाहों पर मौजूद है।