चीन में ग्रीष्मकालीन अनाजी फसलों का शानदार उत्पादन

27-Jul-2026 05:10 PM

बीजिंग। मौसम की हालत आंशिक रूप से प्रतिकूल रहने के बावजूद चीन में इस वर्ष ग्रीष्मकालीन अनाजी फसलों का शानदार उत्पादन हुआ है। कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की नई रिपोर्ट में कहा गया है कि चालू वर्ष की पहली छमाही के दौरान देश में फलों-सब्जियों एवं डेयरी उत्पादों सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम रही। 

कृषि राज्य मंत्री के अनुसार इस वर्ष ग्रीष्म कालीन अनाजी फसलों का कुल उत्पादन तेजी से बढ़कर 1507.50 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। खराब मौसम के कारण इस बार चीन में ग्रीष्मकालीन फसलों की बिजाई में देर हो गई जबकि फसल की कटाई-तैयारी के समय बार-बार बारिश होती रही। इन चुनौतियों के बावजूद उत्पादन में कमी के बजाए अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। चालू वर्ष में अनाज का यह शानदार उत्पादन एक शुभ शुरुआत माना जा रहा है। 

चीन में पतझड़ कालीन सीजन की फसलों का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से कुछ बढ़ने की संभावना है। फिलहाल जिन इलाकों में बिजाई पूरी हो चुकी है वहां फसलों की अच्छी प्रगति देखी जा रही है। इससे चीन में खाद्यान्न के शानदार वार्षिक उत्पादन के लिए मजबूत आधार तैयार हो रहा है। अन्य उत्पादों का भी बेहतर उत्पादन होने के संकेत मिल रहे हैं। 

उल्लेखनीय है कि चीन संसार में सोयाबीन का सबसे प्रमुख आयातक देश बना जहां ब्राजील, अमरीका तथा अर्जेन्टीना सहित कुछ अन्य देशों से विशाल मात्रा में इसका आयात किया जाता है। इसके अलावा वहां चावल, गेहूं, मक्का, ज्वार  कैनोला- रेपसीड आदि का आयात भी बड़े पैमाने पर किया जाता है। कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए वहां सरकारी तौर पर नियमित रूप से गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं जिसका सार्थक परिणाम भी सामने आ रहा है लेकिन इसके बावजूद विशाल आबादी की जरूरत को पूरा करने के लिए आयात की आवश्यकता बनी रहती है।