तेलंगाना में ऑयल पाम का खरीद मूल्य 23,005 रुपए प्रति टन नियत

07-Apr-2026 05:10 PM

हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने ऑयल पाम के ताजे फलों के गुच्छे (एफएफबी) की खरीद का मूल्य 1459 रुपए बढ़ाकर 23,005 रुपए प्रति टन निर्धारित कर दिया है जिससे उत्पादकों को आकर्षक आमदनी प्राप्त होगी।

राज्य के बागवानी निदेशक ने कहा है कि तेलंगाना ऑयल फेडरेशन द्वारा क्रूड पाम तेल तथा पाम फसल की मौजूदा कीमतों के बारे में सूचना प्रदान किए जाने के बाद मूल्य वृद्धि का निर्णय लिया गया। तेलंगाना पाम का प्रमुख उत्पादक प्रान्त है। 

तेलंगाना के कृषि, सहकारिता एवं विपणन मंत्री का कहना है कि इस मूल्य वृद्धि से राज्य के अधिक से अधिक किसानों को पाम का बागान लगाने का प्रोत्साहन मिलेगा और उत्पादकों में उत्साह, आकर्षण तथा आत्मविश्वास बढ़ेगा। राज्य सरकार तेलंगाना में ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को पाम सैपलिंग (नवजात पौधे) एवं ड्रिप सिंचाई की सुविधा मुहैया करवा रही है।

राज्य के मुख्यमंत्री ने हाल ही में सिद्दीपेट जिले के नरमेट्टा में पाम तेल की एक प्रोसेसिंग फैक्टरी को चालू किया था जिस पर 300 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस फैक्टरी में प्रति घंटा 30 टन एफएफबी की प्रोसेसिंग हो सकती है। तेलंगाना में ऑयल पाम के बागानी क्षेत्र का अच्छा विकास-विस्तार हो रहा है।