मेथी कीमतों में तेजी : उत्पादन कम

07-Apr-2026 07:25 PM

नई दिल्ली। चालू सीजन के लिए प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात में मेथी के बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के अलावा प्रति हेक्टेयर उत्पादकता भी घटने के समाचारों से इस वर्ष देश में मेथी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में मेथी की बिजाई गत वर्ष की तुलना में 14 प्रतिशत घटकर 55.40 हजार हेक्टेयर की रह गई। जबकि राजस्थान में बिजाई 41.75 हेक्टेयर पर की गई जोकि गत वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत कम है। गुजरात में मेथी की बिजाई 17.50 हजार हेक्टेयर पर की गई है गत वर्ष बिजाई 18.60 हजार हेक्टेयर पर की गई थी कुल मिलाकर इस वर्ष देश में मेथी की बिजाई 1.15 लाख हेक्टेयर पर की गई जबकि गत वर्ष बिजाई 1.30 लाख हेक्टेयर पर की गई थी। 

पैदावार

जानकारों का कहना है कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष मेथी का उत्पादन 7/7.25 लाख क्विंटल होने के अनुमान है जबकि गत वर्ष उत्पादन 8/8.50 लाख क्विंटल का रहा था। राजस्थान में उत्पादन 5/5.50 लाख क्विंटल माना जा रहा है गत वर्ष उत्पादन लगभग 6 लाख क्विंटल माना गया था। गुजरात में उत्पादन 2/2.25 लाख क्विंटल होने के अनुमान है गत वर्ष लगभग 2.50 लाख बोरी का उत्पादन माना गया था। 

कीमतों में तेजी 

हालांकि वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नए मालों की आवक हो रही है लेकिन आवक आशानुरूप बढ़ने के कारण हाल ही में मेथी के भाव 400/500 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गए है। वर्तमान में मध्य प्रदेश की मंडियों में एवरेज क्वालिटी का भाव 6200/6600 रुपए प्रति क्विंटल बोला जा रहा है जबकि राजस्थान की मंडियों में भाव 6000/6500 रुपए चल रहा है। गुजरात की राजकोट मंडी में क्वालिटीनुसार भाव 5400/7000 रुपए बोला जा रहा है। जबकि आवक 5000/6000 बोरी की हो रही है। मध्य प्रदेश की नीमच एवं जावरा मंडी में आवक 2200/2500 बोरी की चल रही। राजस्थान की कोटा मंडी में आवक 500/600 बोरी की हो रही है।  

निर्यात 

मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष के प्रथम 10 माह अप्रैल-जनवरी- 2026 के दौरान मेथी निर्यात 3 प्रतिशत बढ़ा है जबकि आय में 2 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जनवरी 2026 में मेथी का निर्यात 40633 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 304.97 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जनवरी 2025 में 35907 टन का निर्यात किया गया और निर्यात से प्राप्त आय 298.14 करोड़ की रही।