तेलंगाना में खरीफ फसलों का रकबा 117 लाख एकड़ के करीब पहुंचा

20-Aug-2026 08:03 PM

हैदराबाद। तेलंगाना में मानसूनी बारिश की थोड़ी कमी के बावजूद इस बार 19 अगस्त तक खरीफ फसलों का सकल उत्पादन क्षेत्र 116.98 लाख एकड़ पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 118.70 लाख एकड़ से 1.72 लाख एकड़ कम रहा। तेलंगाना में धान, मक्का, तुवर, कपास एवं सोयाबीन की खेती ज्यादा होती है। 

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार तेलंगाना में पिछले साल के मुकाबले चालू खरीफ सीजन में धान का उत्पादन क्षेत्र 54.80 लाख एकड़ से  लुढ़ककर 48.75 लाख एकड़ तथा मक्का का रकबा 6.13 लाख एकड़ से घटकर 5.78 लाख एकड़ रह गया। ज्वार का बिजाई क्षेत्र 34 हजार एकड़ पर स्थिर रहा मगर धान एवं मोटे अनाजों का संयुक्त क्षेत्रफल 61.28 लाख एकड़ से गिरकर इस बार 54.91 लाख एकड़ पर अटक गया। 

लेकिन दलहनों के बिजाई क्षेत्र में 2 लाख एकड़ से अधिक की बढ़ोत्तरी हुई और यह गत वर्ष के 5.56 लाख एकड़ से बढ़कर इस बार 7.60 लाख एकड़ पर पहुंच गया। इसके तहत अरहर (तुवर) का उत्पादन क्षेत्र 4.73 लाख एकड़ से बढ़कर 5.44 लाख एकड़, मूंग का क्षेत्रफल 60 हजार एकड़ से उछलकर 1.52 लाख एकड़ तथा उड़द का रकबा 22 हजार एकड़ से बढ़कर 61 हजार एकड़ पर पहुंच गया। अन्य दलहनों की खेती सीमित क्षेत्रफल में हुई है। 

तिलहन फसलों की बिजाई का दायरा भी 3.67 लाख एकड़ से सुधरकर 3.88 लाख एकड़ पर पहुंच गया। इसके तहत सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र 3.60 लाख एकड़ से बढ़कर 3.72 लाख एकड़ हो गया। इसी तरह मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 6 हजार एकड़ से उछलकर 12 हजार एकड़ तथा अरंडी का रकबा 1 हजार एकड़ से बढ़कर 3 हजार एकड़ पर पहुंचा। 

तेलंगाना में कपास की बिजाई में 3.27 लाख एकड़ की भारी वृद्धि हुई है और इसका उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 44.92 लाख एकड़ से उछलकर इस बार 48.19 लाख एकड़ पर पहुंच गया। गन्ना का रकबा भी बढ़ा है।