शुरुआती रुझान में कनाडा में मसूर की उपज दर सामान्य
20-Aug-2026 04:46 PM
सस्काटून। पश्चिमी कनाडा में प्रेयरीज क्षेत्र के प्रमुख उत्पादक प्रांतों- सस्कैचवान एवं अल्बर्टा में मसूर फसल की कटाई-तैयारी अभी आरम्भिक चरण में है और शुरुआती रुझान में वहां इसकी उपज दर सामान्य औसत स्तर के आसपास देखी जा रही है जिसे प्रतिकूल मौसम एवं कीड़ों-रोगों के प्रकोप का ज्यादा सामना नहीं करना पड़ा।
कनाडा में चूंकि मसूर का विशाल पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है इसलिए खरीदार नए माल की खरीद में ज्यादा जल्दबाजी या हड़बड़ाहट नहीं दिखा रहे हैं। इसके फलस्वरूप कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल देखा जा रहा है। पुराने स्टॉक की मसूर का भाव पहले ही नीचे आ चुका है। यह देखना आवश्यक होगा कि नए माल की क्वालिटी कैसी रहती है क्योंकि इसके आधार पर भी कीमतों में तेजी-मंदी का निर्धारण होगा।
पुराने स्टॉक की लाल मसूर का भाव 22-23 सेंट प्रति पौंड तथा मोटी हरी मसूर का मूल्य 22-24 सेंट प्रति पौंड चल रहा है। उच्च क्वालिटी मसूर का दाम 23-24 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। छोटी हरी मसूर के पुराने स्टॉक की कीमत 17 सेंट प्रति पौंड एवं नए माल की कीमत 19 सेंट प्रति पौंड चल रही है।
उधर ऑस्ट्रेलिया में हाल की बारिश से मसूर की फसल को काफी फायदा हो रहा है जिससे वहां लाल मसूर का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। भारत में मानसून के प्रदर्शन पर कनाडा और ऑस्ट्रलिया की गहरी नजर बनी हुई है।
