कम बिजाई के कारण कनाडा में मटर का उत्पादन घटने की संभावना
20-Aug-2026 08:06 PM
ओटावा। कनाडा में इस बार मटर की बिजाई कम क्षेत्रफल में हुई है जबकि वहां इसकी उपज दर औसत स्तर के आसपास रहने के संकेत मिल रहे हैं। इसके फलस्वरूप कुल उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है। लेकिन पिछला बकाया स्टॉक ऊंचा होने से 2026-27 के सीजन में मटर की कुल उपलब्धता में ज्यादा अंतर नहीं आएगा। फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के आंकड़ों (बिजाई क्षेत्र) के आधार पर विश्लेषकों ने पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान कनाडा में पीली मटर के उत्पादन में करीब 30 प्रतिशत तथा हरी मटर की पैदावार में लगभग 26 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान लगाया है। बेहतर निर्यात प्रदर्शन के बावजूद कनाडा में मटर का अच्छा खासा पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है।
इसके फलस्वरूप कमजोर उत्पादन के बावजूद यहां घरेलू एवं निर्यात मांग को पूरा करने के लिए मटर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद रहेगा। हरी मटर का भाव 9 डॉलर प्रति बुशेल के आसपास स्थिर बना हुआ है।
इसके चिपटे दाने का अधिकतम अंश 5 प्रतिशत होना चाहिए। जहां तक पीली मटर का सवाल है तो इसका डिलीवरी मूल्य 8 डॉलर प्रति बुशेल के करीब चल रहा है। 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान कनाडा से पीली मटर का भारी निर्यात हुआ इसलिए इसका स्टॉक कम बचा है। 2026-27 सीजन की समाप्ति पर बकाया स्टॉक की स्थिति कुछ जटिल रह सकती है।
