सस्कैचवान में दलहन फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी जारी
28-Aug-2026 12:20 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में अन्य फसलों के साथ मसूर एवं मटर की कटाई-तैयारी भी अब जोर पकड़ने लगी है जिससे किसानों के पास इसका स्टॉक बढ़ता जा रहा है। उत्पादकों के पास पहले से ही इन दोनों दलहनों का भारी-भरकम बकाया स्टॉक मौजूद है जिसे वे जल्दी से जल्दी बेचना चाहते हैं ताकि नए माल का सुरक्षित भंडारण किया जा सके।
वैसे सस्कैचवान प्रान्त में मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने से विभिन्न फसलों की कटाई की गति पंचवर्षीय औसत से काफी पीछे चल रही है। अब दिन का तापमान बढ़ने लगा है जिससे किसानों को फसल काटने में सहायता मिल रही है। वहां शाम में मौसम ठंडा हो जाता है।
अगस्त में फसल कटाई का पंचवर्षीय औसत 25 प्रतिशत आंका गया है जिसके मुकाबले इस बार केवल 11 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई संभव हो सकी है लेकिन दलहन फसलों की कटाई की रफ्तार इस औसत से काफी तेज है। प्राप्त सूचना के अनुसार राज्य में अभी तक 48 प्रतिशत क्षेत्र में मसूर तथा 44 प्रतिशत भाग में मटर की फसल काटी जा चुकी है। भारत में कनाडा से पीली मटर तथा मसूर का विशाल आयात होता है।
सस्कैचवान के कृषि मंत्रालय ने कहा है कि अधिकांश फसलें अब परिपक्व होने लगी हैं। अभी तक अगैती बिजाई वाली फसल काटी जा रही है जबकि पिछैती बिजाई वाली फसलों की कटाई भी शीघ्र ही आरंभ होने की संभावना है। मौसम के साफ एवं गर्म होने से फसलों के पकने की रफ्तार बढ़ गई है और उत्पादक भी इसी कटाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
