मानसूनी वर्षा के कारण बांधों-जलाशयों का जल स्तर बढ़ा
28-Aug-2026 11:22 AM
नई दिल्ली। देश के विभिन्न भागों में मानसून की बारिश होने से बांधों-सरोवरों में पानी का स्तर काफी सुधर गया है। केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़ों से पता चलता है कि देश के 166 प्रमुख बांधों-जलाशयों में उसकी कुल भंडारण क्षमता के मुकाबले पानी का स्टॉक गत सप्ताह के 64 प्रतिशत से बढ़कर चालू सप्ताह में 68 प्रतिशत पर पहुंच गया लेकिन फिर भी यह गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 18 प्रतिशत बिंदु एवं 10 वर्षीय औसत के मुकाबले 3.74 प्रतिशत बिंदु नीचे है।
सकल भंडारण क्षमता के मुकाबले दक्षिण भारत के 47 प्रमुख बांधों में जलस्तर पिछले सप्ताह से 56.22 प्रतिशत से सुधरकर अब 57.34 प्रतिशत हो गया है लेकिन फिर भी गत वर्ष से 28 प्रतिशत और 10 वर्षीय औसत से 13 प्रतिशत बिंदु नीचे है। इसी तरह उत्तरी क्षेत्र के 11 जलाशयों में पानी का भंडार पिछले साल से 30 प्रतिशत बिंदु नीचे है। उत्तरी एवं दक्षिणी संभाग में मानसून की बारिश कम होने से बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर नीचे रह गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर 27 अगस्त तक दीर्घकालीन औसत के सापेक्ष मानसून की बारिश 13 प्रतिशत कम हुई। मध्यवर्ती संभाग में मानसून की अच्छी प्रगति हुई जिससे वहां वर्षा की कमी केवल 2.1 प्रतिशत दर्ज की गई सामान्य औसत के मुकाबले इस अवधि के दौरान पूर्वोत्तर भारत में 27 प्रतिशत, दक्षिणी, प्रायद्वीप में 22.4 प्रतिशत तथा पश्चिमोत्तर क्षेत्र में 10.3 प्रतिशत कम वर्षा हुई। इन 166 बांधों-जलाशयों में से केवल 45 में पानी का स्तर गत वर्ष से ऊंचा है।
