सस्कैचवान में तेज हवा एवं भारी वर्षा से फसलों की बिजाई प्रभावित
25-May-2026 03:40 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में 12 से 18 मई वाले सप्ताह के दौरान आंधी-तूफान का प्रकोप रहने तथा कुछ इलाकों में अत्यन्त मूसलाधार बारिश होने से गेहूं, दलहन (मसूर, मटर, काबुली चना), तिलहन (कैनोला, सोयाबीन, अलसी) तथा मोटे अनाजों (मक्का, जौ एवं जई आदि) की बिजाई बाधित हुई। कहीं-कहीं हिमपात भी होने से बिजाई की रफ्तार सुस्त पड़ गई।
18 मई तक सस्कैचवान में कुल 29 प्रतिशत चिन्हित या लक्ष्यांकित क्षेत्र में फसलों की बिजाई संभव हो सकी जो पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 55 प्रतिशत तथा दस वर्षीय औसत रकबा 52 प्रतिशत से काफी पीछे है। 6 से 12 मई के दौरान वहां 16 प्रतिशत क्षेत्र में बिजाई हुई थी।
12 से 18 मई वाले सप्ताह तक सस्कैचवान प्रान्त के दक्षिण-पश्चिमी भाग में सर्वाधिक 55 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की बिजाई पूरी हो गई जबकि दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में 41 प्रतिशत, मध्य पश्चिमी भाग में 30 प्रतिशत तथा पश्चिमोत्तर इलाके में 16 प्रतिशत भाग में बिजाई पूरी हुई। मध्य पूर्वी भाग में 11 प्रतिशत एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र में महज 3 प्रतिशत बिजाई संभव हो सकी है। बिजाई की प्रक्रिया जून में भी जारी रहेगी।
दलहन फसलों की बिजाई की गति सबसे तेज देखी जा रही है जिसमें मसूर और मटर मुख्य रूप से शामिल है। इसी तरह अनाजी फसलों तथा तिलहनों की बिजाई में नियमित रूप से वृद्धि हो रही है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सस्कैचवान में 18 मई तक 49 प्रतिशत ड्यूरम गेहूं, 27 प्रतिशत जौ, 25 प्रतिशत बसंतकालीन गेहूं, 15 प्रतिशत कैनेरी सीड, 11 प्रतिशत जौ, 53-53 प्रतिशत मटर एवं मसूर 40 प्रतिशत काबुली चना, 30 प्रतिशत सरसों, 21 प्रतिशत अलसी तथा 15 प्रतिशत कैनोला की बिजाई पूरी हो गई।
