साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

04-Jul-2026 08:10 PM

चुनिंदा किस्मों के धान-चावल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव 

नई दिल्ली। बासमती तथा 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की आपूर्ति का ऑफ सीजन चल रहा है और देश की सीमित मंडियों में इसकी आवक हो रही है। इसमें नरेला, भाटापाड़ा, राजिम, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, खैर डिबई, डबरा, बूंदी एवं कोटा आदि शामिल हैं। मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों द्वारा धान की चुनिंदा किस्मों की खरीद में 27 जून- 3 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान अच्छी दिलचस्पी दिखाई गई जिससे उसके दाम में इजाफा हो गया। इसके विपरीत जिन किस्मों में कारोबार नगण्य हुआ उसमें नरमी दर्ज की गई।
नरेला   
उदाहरणस्वरुप नरेला मंडी में समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 1509 हैण्ड धान का भाव 258 रुपए प्रति क्विंटल, 1768 का दाम 239 रुपए तथा 1847 का मूल्य 93 रुपए प्रति क्विंटल उछल गया। 
भाव / आवक 
भाटापाड़ा में एचएमटी में 100 रुपए की नरमी एवं श्रीराम धान में 100 रुपए की तेजी रही जबकि राजिम में 12 हजार बोरी की भारी दैनिक आवक होने के बावजूद बेहतर मांग एवं उठाव के कारण कीमतों में अच्छी तेजी दर्ज की गई। लेकिन यूपी के जहांगीराबाद में 1509 धान का दाम 90 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आ गया। इसी तरह शाहजहांपुर में पी आर 26 धान का भाव 200 रुपए घटकर 1900-2000 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। खैर मंडी में 4-5 हजार बोरी धान की रोजाना आवक हुई लेकिन कीमत स्थिर रही। 
राजस्थान 
राजस्थान के बूंदी में 2 हजार बोरी धान की दैनिक आवक के साथ 1718 के दाम में 150 रुपए तथा पूसा बासमती धान के मूल्य में 100 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ मगर सुगंधा का भाव 100 रुपए नीचे आ गया। कोटा मंडी में कीमतें स्थिर बनी रहीं। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसमें निर्यातक के साथ-साथ दिसावरी व्यापारियों की भी अच्छी मांग देखी गई जिससे विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई। अमृतसर में 200-300 रुपए का इजाफा हुआ लेकिन कुछ किस्मों में कारोबार कमजोर रहने से कीमतों में 50-100 रुपए की नरमी भी देखी गई।
उत्तराखंड  
उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल की अच्छी खरीद-बिक्री हुई और कीमतों में 100-200 रुपए की तेजी रही। वहां 1121 सेला चावल का दाम 500 रुपए उछलकर 9500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। दिल्ली के नया बाजार में भी इसका भाव 550 रुपए उछलकर 9650 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।