साप्ताहिक समीक्षा-मटर

27-Jun-2026 08:53 PM

कमजोर मांग से मटर बाजार दबाव में

कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान घरेलू मटर बाजार में सुस्ती का माहौल बना रहा। खरीदारों और विक्रेताओं दोनों की सीमित सक्रियता के कारण कीमतों में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया। दाल मिलों की जरूरत आधारित खरीदारी और चना बाजार की कमजोरी का असर भी मटर की मांग पर पड़ा, जिससे बाजार को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। व्यापारियों के अनुसार हालिया तेजी के बाद स्टॉकिस्टों की बिकवाली बढ़ी है, जबकि खरीदार ऊंचे भावों पर खरीदारी से बच रहे हैं। इससे बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन नहीं बन पा रहा है। हालांकि निचले स्तरों पर मांग निकलने की संभावना के कारण बड़ी गिरावट की आशंका फिलहाल सीमित मानी जा रही है। आयातित मटर में भी बिकवाली का दबाव बना रहा। चालू सप्ताह में आयातित मटर के भाव 50 रुपये प्रति क्विंटल घट गए। सप्ताहांत में मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 3,950 रुपये तथा रूस मटर 3,800 रुपये प्रति क्विंटल रहे। वहीं हजीरा बंदरगाह पर कनाडा मटर 3,950 रुपये और रूस मटर 3,875 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार हुआ।
मांग सुस्त बनी रहने से कानपुर मटर के भावो में इस साप्ताह कोई घट बढ़ नहीं देखी गयी और भाव 4225 रुपये प्रति क्विंटल स्थिर रह गए। जबकि ललितपुर में मटर 50 रुपये की बढ़त के साथ 3,900/4400 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गई। इसी प्रकार लिवाली सुस्त रहने से मटर के भाव 100 रुपये बढ़कर 4000/4400 रुपये प्रति क्विंटल हो गए, जबकि मऊरानीपुर में 75 रुपये की गिरावट के साथ भाव 3950/4050 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए।
मध्य प्रदेश की मंडियों में भी मांग कमजोर रहने से मटर के भावकोई हल चल नहीं देखी गयी और सप्ताहांत में भाव बीना में मटर 3,800/4000 रुपये तथा दमोह में 3,800/4,100 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार करती रही। जब तक दालों की मांग में उल्लेखनीय सुधार नहीं होता, तब तक मटर बाजार पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि निचले भावों पर खरीदारी बढ़ने से बाजार को सीमित समर्थन मिलने की संभावना बनी हुई है।
कनाडा 
कनाडा में मटर बाजार पर नई फसल की उम्मीद और कमजोर मांग का दबाव बना हुआ है। अगले सप्ताह जारी होने वाली स्टैट्स कैन की रिपोर्ट से विभिन्न श्रेणियों की मटर के बुवाई क्षेत्र की स्पष्ट तस्वीर सामने आने की संभावना है। फिलहाल अनुमान है कि पीली मटर का रकबा पिछले वर्ष के बराबर रहेगा, जबकि हरी और मापले मटर का क्षेत्र कुछ घट सकता है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार हरी और मापले मटर के अधिक पुराने स्टॉक को देखते हुए बुवाई क्षेत्र में कमी आपूर्ति संतुलन के लिए सकारात्मक मानी जा रही है। खरीदारों का ध्यान नई फसल पर केंद्रित होने से पुराने स्टॉक का कारोबार सुस्त है। वर्तमान में कनाडा में पीली मटर के भाव 7.50–8.25 डॉलर प्रति बुशेल, जबकि मापले मटर 10–11 डॉलर प्रति बुशेल के बीच कारोबार कर रही है। अगस्त 2026 से नई मटर की आवक शुरू होने की उम्मीद है।
मटर दाल  
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की  मंदी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4500/4650 रुपए व इंदौर 4700/4800 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।