साप्ताहिक समीक्षा-मटर
21-Mar-2026 08:49 PM
कमजोर लिवाली से मटर की कीमतों में नरमी
कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में नरमी का रुख देखने को मिला। बढ़े हुए भावों पर बिकवाली का दबाव बढ़ने और खरीदारों की लिवाली कमजोर पड़ने से बाजार में गिरावट दर्ज की गई। ऊंचे स्तर पर मांग का समर्थन नहीं मिलने के कारण कीमतों पर लगातार दबाव बना रहा। मिलर्स और स्टॉकिस्टों की लिवाली इस दौरान सीमित बनी रही, जिससे बाजार को पर्याप्त सपोर्ट नहीं मिल पाया। व्यापारियों के अनुसार, खरीदार फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं और बड़े स्तर पर खरीदारी से बच रहे हैं, जिससे बाजार में सुस्ती बनी हुई है। हालांकि, फंडामेंटल पक्ष मजबूत नजर आ रहा है। इस वर्ष सफेद मटर का घरेलू उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में कमजोर रहने का अनुमान है। इसके साथ ही उत्पादक मंडियों में सफेद मटर की आवक भी बहुत कम हो रही है, जिससे सप्लाई साइड पर दबाव बना हुआ है। दूसरी ओर, हरी मटर की आवक जोरदार बनी हुई है, लेकिन इसका सीधा असर सफेद मटर के बाजार पर सीमित ही पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आयात महंगा पड़ने से भी घरेलू कीमतों को भविष्य में समर्थन मिलने की संभावना है। महंगे इंपोर्ट के कारण सस्ती सप्लाई की संभावना कम हो गई है, जो बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
कनाडा
ईरान-इजरायल युद्ध के चलते पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य लगभग बंद होने और सुरक्षा जोखिम बढ़ने के कारण शिपिंग कंपनियां इस क्षेत्र में जहाज भेजने से बच रही हैं। जो कंपनियां तैयार हैं, वे भी बेहद ऊंचा भाड़ा मांग रही हैं। इसका असर कनाडा से अरब देशों को होने वाले दलहन निर्यात पर पड़ा है, जो लगभग ठप हो गया है। कई जहाज होर्मुज स्ट्रेट के पास फंसे हुए हैं, जिससे सप्लाई चेन बाधित हो रही है। वर्ष 2025 में मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका के देशों ने कनाडा से करीब 8 लाख टन दलहन (76 करोड़ डॉलर मूल्य) आयात किया था, जिसमें 78% मसूर, 9% काबुली चना और शेष मटर शामिल थे। मौजूदा हालात में फ्रेट दर लगभग $80 प्रति टन बढ़ गई है, जिससे निर्यात और महंगा हो गया है।
आयातकों की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने से चालू सप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 25/50 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई और इस बढ़ोतरी के साथ सप्ताहांत में मुंबई बंदरगाह पर कनाडा मटर के भाव 4075 रुपये प्रति क्विंटल तथा रूस मटर के भाव 3975 रुपये प्रति क्विंटल पर हो गए। इसी तरह मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर के भाव लगभग 4050 रुपये प्रति क्विंटल तथा रूस मटर के भाव 3950 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए। जबकि घरेलु बाजार में इस साप्ताह गिरावट का रुख रहा। कानपुर में मटर के भाव इस सप्ताह 50 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट के साथ सप्ताहांत में भाव 4300/4350 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार ललितपुर मंडी में मटर के भाव 150 रुपये प्रति क्विंटल घटकर सप्ताहांत में 3700/4150 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। जबकि महोबा में इस सप्ताह 200 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई और भाव बढ़कर 3800/4600 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। मांग सुस्त बनी रहने से राठ मटर की कीमतों इस सप्ताह कोई घट बढ़ नहीं देखी गयी और भाव सप्ताहांत में 4100/4300 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर रह गए। चौतरफा गिरावट के असर व मांग कमजोर बनी रहने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और इस नरमी के साथ भाव सप्ताहंत में दमोह 3900/4300 रुपए व बीना 4000/4100 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
मटर दाल
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में कोई तेजी मंदी नहीं देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4500/4700 रुपए व इंदौर 4600/4800 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रह गयी।
