सीमित कारोबार के साथ कनाडा में मटर का भाव स्थिर
12-Feb-2026 06:00 PM
सस्काटून। चीन में सीमा शुल्क में कटौती का आश्वासन मिलने के बाद जनवरी के तीसरे एवं चौथे सप्ताह में कनाडा के मटर बाजार में कुछ हलचल हुई थी और कीमतों में कुछ तेजी भी दर्ज की गई थी लेकिन कारोबार सीमित होने के कारण पिछले दो सप्ताह से वहां मटर का भाव एक निश्चित स्तर पर लगभग स्थिर बना हुआ है। चीन में कनाडाई मटर के आयात पर सीमा शुल्क में कटौती का निर्णय अगले महीने (मार्च) से प्रभावी होने वाला है।
पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पीली मटर का भाव 8.00-8.30 डॉलर प्रति बुशेल, तथा अधिकतम 3 प्रतिशत चिपटे दाने के साथ हरी मटर का एफओबी डिलीवरी मूल्य 10.50 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है।
अधिक चिपटे दाने वाले माल की कीमत इससे नीचे चल रही है। मापले मटर का कारोबार 11 से 13 डॉलर प्रति बुशेल के मूल्य स्तर पर हो रहा है जो स्थान, किस्म एवं डिलीवरी की अवधि पर निर्भर है।
आमतौर पर जनवरी के बाद कनाडा में मटर का भाव ऊंचा एवं तेज रहता है और इसके आधार पर किसानों को इसकी बिजाई का प्रोत्साहन मिलता है। इस बार कीमतों में थोड़ी मजबूती तो आई है लेकिन यह मांग में वृद्धि के असर का नतीजा नहीं है बल्कि चीन का बाजार खुलने का सकारात्मक मनोवैज्ञानिक परिणाम है।
अप्रैल में वहां मटर की बिजाई आरंभ होगी जबकि किसानों के पास भारी-भरकम स्टॉक अभी मौजूद है। अगली फसल अगस्त-सितम्बर में आएगी जिसकी खरीद-बिक्री के लिए अंतिम अनुबंध आरंभ होने वाला है।
