सीमा शुल्क घटाने पर भारत के सहमत होने से सीबोट में सोया तेल का भाव तेज
10-Feb-2026 05:59 PM
शिकागो। द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत भारत द्वारा अमरीकी सोयाबीन तेल के आयात पर सीमा शुल्क में कटौती करने की सहमति दिए जाने के बाद शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (सीबोट) में इस महत्वपूर्ण खाद्य तेल का वायदा भाव उछलकर गत छह माह से भी अधिक समय के उच्च स्तर पर पहुंच गया। अमरीकी सोया तेल के लिए भारतीय बाजार अब पूरी तरह खुल-जाएगा और यहां उसके आयात में अच्छी बढ़ोत्तरी संभव हो सकती है।
सीबोट में सर्वाधिक सक्रिय माह के लिए सोयाबीन तेल का वायदा अनुबंध मूल्य 1.9 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ जुलाई 2025 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। इससे पूर्व गत सप्ताह भी वायदा भाव में कुछ तेजी आई थी।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार भारत दुनिया में खाद्य तेलों का सबसे प्रमुख आयातक देश है जहां प्रति वर्ष औसतन 160 लाख टन खाद्य तेल का आयात होता है। इसमें पाम तेल, सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल मुख्य रूप से शामिल है जिसे दक्षिण-पूर्व एशिया, लैटिन अमरीका तथा काला सागर क्षेत्र के देशों से मंगाया जाता है।
भारत में अमरीका से अभी तक सोयाबीन तेल का आयात बहुत कम होता रहा है। जनवरी-नवम्बर 2025 के 11 महीनों में अमरीका से करीब 2 लाख टन सोया तेल का आयात हुआ लेकिन नए व्यापारिक करार के बाद यदि अमरीका को अतिरिक्त सुविधा या रियायत मिलती है तो वहां सोया तेल का आयात तेजी से बढ़ सकता है। इससे अर्जेन्टीना एवं ब्राजील जैसे प्रतिस्पर्धी देशों का निर्यात आंशिक रूप से प्रभावित होने की संभावना है।
