पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तापमान सामान्य रहने की उम्मीद
27-Mar-2026 05:02 PM
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि दो पश्चिमी विक्षोभ के जल्दी-जल्दी सक्रिय होने से देश के पश्चिमोत्तर एवं मध्यवर्ती भाग में तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है और कुछ इलाकों में आसमान पर बदल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ पहले ही 24 मार्च को सक्रिय हो चुका है जबकि दूसरा विक्षोभ आज यानी 27 मार्च को सक्रिय हुआ है। इसकी शुरुआत 26 मार्च को ही हो गई थी। उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने पहले कहा था कि मार्च में मानसून-पूर्व की बारिश कम होने से तापमान सामान्य स्तर से कुछ ऊंचा रह सकता है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के आगे से गर्मी ज्यादा नहीं बढ़ सकी।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि 11 से 22 मार्च के बीच हुई वर्षा से गेहूं तथा अन्य रबी फसलों को कुछ नुकसान हुआ लेकिन मौजूदा मौसम फसलों के लिए काफी हद तक अनुकूल है। तापमान सामान्य होने से फसलों को परिपक्व होने में सहायता मिलेगी। विभिन्न राज्यों में रबी फसलों की कटाई-तैयारी पहले ही आरंभ हो चुकी है। अब मंडियों में इसकी जोरदार आपूर्ति हो रही है और खरीद-बिक्री की प्रक्रिया भी सुचारु ढंग से चल रही है।
मार्च का महीना जल्दी ही समाप्त होने वाला है। अप्रैल में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं बिहार जैसे राज्यों में गेहूं की जोरदार आवक होगी इसलिए उस समय मौसम का अनुकूल रहना आवश्यक है। अप्रैल की बारिश रबी फसलों के लिए नुकसान दायक होगी।
