अप्रैल के लिए 23 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित
27-Mar-2026 05:09 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने अप्रैल 2026 में घरेलू प्रभाग में बेचने के लिए देशभर के मिलर्स के लिए कुल 23 लाख टन चीनी का कोटा घोषित किया है जो मार्च के लिए निर्धारित कोटा 22.50 लाख टन से 50 हजार टन ज्यादा लेकिन अप्रैल 2025 के लिए नियत कोटा 23.50 लाख टन से 50 हजार टन (2.1 प्रतिशत) कम है।
उल्लेखनीय है कि उद्योग- व्यापार क्षेत्र ने अप्रैल 2026 के लिए 23.00-23.50 लाख टन के बीच चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किए जाने का अनुमान लगाया था।
बढ़ते तापमान के साथ अप्रैल में चीनी की औद्योगिक मांग बेहतर रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। वैसे इस्मा का कहना है कि मिलर्स को मार्च कोटे की पूरी चीनी बेचने में सफलता नहीं मिल पाएगी और इसका कुछ स्टॉक अनबिका रह जाएगा।
इस पर सरकार बाद में निर्णय ले सकती है। अगर मार्च के अनबिके स्टॉक को अप्रैल में बेचने की अनुमति दी गई तो चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ जाएगी और बेहतर औद्योगिक मांग के बावजूद इसकी कीमतों में भारी तेजी आने की संभावना क्षीण पड़ जाएगी।
अप्रैल-मई में आमतौर पर ज्यादा गर्मी पड़ने से कोल्ड ड्रिक्स एवं आइसक्रीम की मांग बढ़ती है और इसलिए इसके निर्माता अधिक मात्रा में चीनी की खरीद करते हैं। इससे कीमतों में तेजी आने की उम्मीद रहती है लेकिन जब आपूर्ति एंव उपलब्धता की स्थिति सुगम रहेगी तब आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स निर्माता भी चीनी की खरीद करने में जल्दबाजी नहीं दिखाना चाहेंगे।
