ओणम से पूर्व केरल में सरकारी नारियल तेल के दाम में कटौती
20-Aug-2026 01:50 PM
कोच्चि। सुदूर दक्षिण भारतीय राज्य- केरल में ओणम का त्यौहार काफी धूमधाम से मनाया जाता है और इस अवसर पर खाद्य तेल के रूप में नारियल तेल की मांग एवं खपत बहुत बढ़ जाती है। आम लोगों को अपेक्षाकृत सस्ते दाम पर नारियल तेल उपलब्ध करवाने के लिए केरल सरकार की अधीनस्थ एजेंसी- नागरिक आपूर्ति निगम ने कीमतों में कुछ रियायत देने का फैसला किया है।
निगम ने नारियल तेल का दाम 249 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 229 रुपए प्रति लीटर निर्धारित किया है। यह मूल्य निगम के सभी आउटलेट्स के लिए प्रभावी होगा। इससे आम लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
आधिकारिक तौर पर सरकार के इस निर्णय की घोषणा की गई है और यह नया मूल्य सब्सिडी युक्त तथा सब्सिडी रहित दोनों संवर्ग के नारियल तेल के लिए मान्य होगा। निगम का नारियल तेल 'सबरी' ब्रांड नाम से बिकता है। सबरी ब्रांड के सब्सिडी युक्त नारियल तेल के आधा लीटर (500 मि०ली०) पैक का दाम 140 रुपए से घटाकर 110 रुपए नियत किया गया है लेकिन इसकी खरीद के लिए लाभार्थी को वैध राशन कार्ड दिखाना आवश्यक होगा।
कोचीन ऑयल मर्चेंट्स एसोसिएशन (कोमा) का कहना है कि इस मूल्य कटौती से नारियल तेल के खुला बाजार भाव पर ज्यादा असर पड़ना कठिन है। सरकार प्रत्येक वर्ष ओणम के समय दाम घटा देती है। केरल में नारियल तेल का खुदरा मूल्य फिलहाल 300 रुपए प्रति लीटर के आसपास चल रहा है।
