बाजार भाव मजबूत होने से कर्नाटक में मूंग की आवक बढ़ी
20-Aug-2026 03:39 PM
गडग। कम क्षेत्रफल में बिजाई होने तथा मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं रहने से कर्नाटक में मूंग का उत्पादन घटने की संभावना है जिससे कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। वहां हाथ से तोड़ी गई फसल की मूंग का भाव बढ़कर 8600-10,300 रुपए प्रति क्विंटल के बीच पहुंच गया है जबकि मशीन से कटाई वाली फसल का दाम कुछ नीचे है क्योंकि इसमें बाहरी तत्वों का अंश ज्यादा रहता है।
कर्नाटक में मूंग की नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो चुकी है और गडग तथा बगलकोट जैसी मंडियों में इसकी आवक भी शुरू हो गई है। मानसून के आने में देर होने तथा वर्षा कम होने से राज्य में मूंग का क्षेत्रफल घटा है।
उत्तरी कर्नाटक की एक प्रमुख मंडी- गडग में 18 अगस्त को करीब 12 हजार क्विंटल मूंग की आवक हुई जिससे कीमतों में थोड़ी नरमी आ गई। उत्पादन में गिरावट की आशंका के सापेक्ष अभी मूंग की आवक उम्मीद से ज्यादा हो रही है। नई मूंग में नमी का अंश 18-21 प्रतिशत के ऊंचे स्तर पर देखा जा रहा है जबकि सरकारी स्तर पर मान्य या स्वीकृत अंश 12 प्रतिशत का ही है। व्यापारी एवं दाल मिलर्स इसकी खरीद में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। दूसरी ओर मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे राज्यों में ग्रीष्म कालीन (जायद) मूंग का भाव इससे नीचे चल रहा है।
मशीन से कटाई वाली मूंग का भाव 7000-8,500 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बोला जा रहा है। आगामी समय में मूंग की आवक नियमित रूप से बढ़ने की संभावना है। माल की क्वालिटी के आधार पर कीमत में उतार-चढ़ाव आ सकता है।
