News Capsule/न्यूज कैप्सूल: धनिया में मजबूत तेजी के संकेत, सीमित उपलब्धता और रिकॉर्ड NCDEX भाव से बाजार को मिल रहा समर्थन

31-Jul-2026 03:56 PM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: धनिया में मजबूत तेजी के संकेत, सीमित उपलब्धता और रिकॉर्ड NCDEX भाव से बाजार को मिल रहा समर्थन
★ जुलाई 2026 के दौरान धनिया बाजार में मजबूत रुख देखने को मिला। राजस्थान की प्रमुख रामगंजमंडी में ईगल क्वालिटी धनिया के भाव 1 जुलाई को ₹14,900 प्रति क्विंटल से बढ़कर दूसरे सप्ताह में ₹15,500 प्रति क्विंटल के उच्च स्तर तक पहुंचे। इसके बाद कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली और 25 से 30 जुलाई के दौरान भाव लगभग ₹15,300 प्रति क्विंटल पर स्थिर रहे।
★ इसी तरह बारां मंडी में ईगल क्वालिटी धनिया के भाव 1 जुलाई को ₹14,700 प्रति क्विंटल थे, जो बढ़कर ₹15,300 प्रति क्विंटल तक पहुंचे। 30 जुलाई को भाव लगभग ₹15,200 प्रति क्विंटल दर्ज किए गए, जिससे स्पष्ट है कि बाजार ऊंचे स्तर पर मजबूती बनाए हुए है।
★ बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह सीमित उपलब्धता है। पिछले वर्ष प्रतिकूल मौसम के कारण उत्पादन प्रभावित रहा, जिसके चलते इस सीजन में कैरीओवर स्टॉक भी काफी कम बचा। दूसरी ओर ऊंची कीमतों के कारण निर्यात मांग कुछ कमजोर हुई है, फिर भी घरेलू बाजार में उपलब्धता सीमित होने से कीमतों को लगातार समर्थन मिल रहा है।
★ नई फसल आने में अभी कई महीने शेष हैं। इस बीच एल नीनो और अनियमित मानसूनी वर्षा के कारण मिट्टी में नमी कम रहने की आशंका है, जिसका असर आगामी फसल की उत्पादकता पर पड़ सकता है। हालांकि इस समय उत्पादन पर कोई निश्चित निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
★ वहीं, मौजूदा ऊंचे भाव किसानों को आकर्षित कर रहे हैं, जिससे आगामी सीजन में धनिया की बुवाई रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने की संभावना बन रही है। इसके बावजूद नई फसल आने तक सीमित उपलब्धता बाजार की सबसे बड़ी चिंता बनी हुई है।
★ उधर, NCDEX पर भी धनिया वायदा भाव मजबूत बुनियादी कारकों के चलते रिकॉर्ड स्तरों पर कारोबार कर रहे हैं, जो बाजार की सकारात्मक धारणा को दर्शाता है।
★ वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नई फसल आने तक धनिया बाजार में मजबूती का रुख बने रहने और कीमतों में आगे भी बढ़ोतरी की संभावना दिखाई दे रही है।