News Capsule/न्यूज कैप्सूल: हरी इलायची में रिकॉर्ड तेजी, कम आवक से बाजार मजबूत, अब नजर नई फसल और बारिश पर

31-Jul-2026 04:42 PM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: हरी इलायची में रिकॉर्ड तेजी, कम आवक से बाजार मजबूत, अब नजर नई फसल और बारिश पर
★ जुलाई 2026 में हरी इलायची के बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। टेंडर भाव 1 जुलाई को ₹3,515 प्रति किलो से बढ़कर 27 जुलाई को ₹5,000 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गए। हालांकि महीने के अंत में कुछ मुनाफावसूली के चलते 30 जुलाई को भाव ₹4,444 प्रति किलो पर आ गए, लेकिन बाजार अब भी मजबूत बना हुआ है।
★ मौजूदा समय में नई फसल की आवक शुरू हो चुकी है, लेकिन अभी तक बाजार पर इसका दबाव नहीं बना है। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार 15 अगस्त के बाद आवक बढ़ने की संभावना है, जिससे बाजार की दिशा अधिक स्पष्ट होगी।
★ इस वर्ष शुरुआती बारिश कमजोर रहने के कारण पहली तुड़ाई (First Picking) का उत्पादन लगभग 25–30% कम रहा। सीमित आवक के कारण जुलाई के दौरान इलायची के भाव में ₹100–150 प्रति किलो तक की तेजी देखने को मिली। वहीं जुलाई में हुई अच्छी वर्षा से दूसरी तुड़ाई (Second Picking) को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे आगे उत्पादन में कुछ सुधार संभव है।
★ निर्यात के मोर्चे पर भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 (अप्रैल–मार्च) में हरी इलायची का निर्यात बढ़कर 16,399 टन रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 7,674 टन था। वहीं अप्रैल–मई 2026 के दौरान निर्यात 2,341 टन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 1,644 टन से अधिक है। हालांकि मौजूदा ऊंचे भावों के कारण जून और जुलाई में निर्यात मांग कुछ प्रभावित हो सकती है।
★ आने वाले समय में हरी इलायची की तेजी या मंदी काफी हद तक वर्षा और नई फसल की आवक पर निर्भर करेगी। इसके अलावा नवंबर से ग्वाटेमाला की नई फसल बाजार में आने के बाद ही वैश्विक आपूर्ति बढ़ेगी, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कीमतों पर देखने को मिल सकता है। तब तक सीमित उपलब्धता के कारण बाजार में मजबूती बनी रहने की संभावना है।

Latest News